केरल के तिरुअनंतपुरम में एक सरकारी कॉलेज ने छात्राओं के लिए अजीबो-गरीब फरमान जारी किया है। फरमान में छात्राओं को जींस, शॉर्ट टॉप, लेगिंग, चप्पल और आवाज करने वाले गहने न पहनने को कहा गया है।
इतना ही नहीं, छात्रों को भी कक्षाओं में और मरीजों से मिलते समय इन निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। उनसे कहा गया है कि चूड़ीदार पयजामा या साड़ी पहनें। इस संबंध में दिशानिर्देश त्रिवेन्द्रम मेडिकल कॉलेज के प्रधानाध्यापक ने जारी किया।
निर्देश में स्टूडेंट्स को साफ-सुथरे कपड़े पहनने को कहा गया। इस फरमान पर विवाद होने के बाद मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों ने अपनी सफाई में कहा कि नए स्टूडेंट्स के लिए ऐसे निर्देश हर साल जारी किए जाते हैं।
कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि कुछ ही स्टूडेंट्स इस ड्रेस कोड का फॉलो नहीं कर रहे हैं अन्यथा अधिकतर स्टूडेंट्स इसका पालन कर रहे हैं। उप प्रधानाचार्य ने कहा कि क्लास और मरीजों से मिलते समय ही इस ड्रेस को मानना है। स्टूडेंट्स इससे इतर अपने मन मुताबिक कपडे़ पहन सकते हैं।