भारतीय विदेश मंत्रालय ने आज यूएनएचआरसी में पाकिस्तान के पक्ष को बेबुनियाद और झूठ करार देते हुए कहा कि पाक को यह समझना चाहिए कि झूठ को बार-बार बोलने से वह सच में नहीं बदल जाता। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने इसके साथ ही कुलभूषण जाधव, करतारपुर कॉरिडोर और जम्मू-कश्मीर पर भी बात की।
रवीश कुमार ने कुलभूषण जाधव को दूसरी बार राजनयिक पहुंच न देने के पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के बयान पर कहा, 'हम इस बात का प्रयास करते रहेंगे कि अंतरराष्ट्रीय अदालत के फैसले का पूरी तरह से पालन हो। हम राजनयिक चैनलों के माध्यम से पाकिस्तानी पक्ष के संपर्क में बने रहना चाहेंगे।'
करतारपुर कॉरिडोर के मुद्दे पर रवीश कुमार ने कहा, 'हमारी ओर से यात्रा के लिए जाने वाले यात्रियों की प्रस्तावित संख्या पर भी पाकिस्तान ने बुनियादी ढांचे को लेकर समस्याओं का हवाला देते हुए असहमति जताई। हमने पाकिस्तान से आग्रह किया है कि वह इस मामले में कुछ नरमी दिखाए।'
जम्मू-कश्मीर के वर्तमान हालात पर रवीश कुमार ने कहा कि राज्य में दवाओं की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा, 'स्वास्थ्य क्षेत्र के 95 फीसदी पेशेवर लोग ड्यूटी पर हैं। बैंक सेवाएं भी सामान्य तरीके से काम कर रही हैं। जम्मू-कश्मीर के 92 फीसदी हिस्से में किसी तरह का कोई प्रतिबंध नहीं है।'