खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की मौत के बाद से ही भारत और कनाडा के रिश्ते में दरार आ गई थी। कनाडा के पीएम ट्रूडो ने कनाडाई संसद के भीतर भारत की खुफिया एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि निज्जर की मौत के पीछे भारतीय एजेंसी है। हालांकि भारत ने इस आरोपों को खारिज किया था और कनाडा से सबूत पेश करने की बात कही थी। लेकिन कनाडा लगातार भारत पर आरोप लगाता रहा है। इसी बीच, कनाडा ने चुनावों में भारतीय हस्तक्षेप की बात कही है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने की भारत की नीति नहीं है।
लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में हस्तक्षेप की हमारी नीति नहीं- जायसवाल
इन आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने प्रेसवार्ता में कहा कि हमने एक मीडिया रिपोर्ट देखी है, जिसमें कहा गया कि कनाडा के चुनावों में भारतीय हस्तक्षेप किए जा रहे हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हम इस तरह के आरोपों को खारिज करते हैं। भारत किसी भी लोकतांत्रित प्रक्रिया में हस्तक्षेप नहीं करता है, यह हमारी नीति नहीं है। कनाडा पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि कनाडा ही हमारे आंतरिक मामलों में दखलअंदाजी कर रहा है। हमने लगातार उनके सामने इस मुद्दों के कई बार उठाया। उन्होंने कहा कि हम कनाडा से हमारी चिंताओं के समाधान का आग्रह करते हुए और उम्मीद करते हैं कि इस मुद्दों पर प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
अमेरिका में भारतीय छात्रों की मौत पर जांच
अमेरिका में भारतीय छात्रों की मौत पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पांच छात्रों की मौत हुई है, पांच में से दो भारतीय छात्र थे और बाकी तीन भारतीय मूल के थे। रणधीर जयसवाल ने बताया कि भारतीय अमेरिकी नागरिक विवेक सैनी की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय अधिकारी जांच कर रहे हैं। वहीं अन्य मामले में हम मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। हम भारतीय नागरिकों के मामलों में स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं।
मालदीव में कुशल तकनीकी कर्मचारी लेंगे सैनिकों की जगह
मालदीव में भारत के बनाए उड्डन ढांचों की देखरेख के लिए सैनिकों की जगह कुशल तकनीकी कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी देते कहा, इस संबंध में दो उच्च स्तरीय कोर ग्रुप बैठक हो चुकी हैं। तीसरी बैठक अभी होनी है। फिलहाल, तय हुआ है कि मालदीव में तैनात भारत के सैन्यकर्मियों की जगह सक्षम तकनीकी कर्मियों को भेजा जाएगा।
इसके साथ ही मालदीव को बजट में 779 करोड़ रुपये आवंटित किए जाने के संबंध में कहा कि मालदीव के लिए आवंटित 779 करोड़ रुपये को लेकर कई अटकलें लगाई जा रही हैं, कोई कहता है यह कम किया गया है, कोई कहता है यह ज्यादा किया गया है। इसमें कम ज्यादा जैसा कुछ नहीं है। एक बार कुछ निश्चित राशि आवंटित की जाती है और फिर संशोधन किए जाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि मालदीव को इस बार आवंटन 779 करोड़ रुपये है, जबकि पहले अनुमानित 600 करोड़ रुपये था। नए आंकड़ों को भी संशोधित किया जाएगा, जब ज्यादा स्पष्टता होगी। उन्होंने कहा कि हम मालदीव के लोगों के विकास भागीदार बने रहने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
म्यांमार के रखाइन राज्य में सुरक्षा स्थिति चिंताजनक : भारत
भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि म्यांमार के रखाइन राज्य में सुरक्षा स्थिति चिंताजनक है। मंगलवार को भारत ने बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को देखते हुए रखाइन राज्य में अपने सभी नागरिकों को तुरंत अशांत क्षेत्र छोड़ने के लिए कहा था।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपनी साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में कहा, रखाइन राज्य में सुरक्षा स्थिति चिंताजनक है। हमने अपने नागरिकों को रखाइन छोड़ने के लिए एक सलाह जारी की है और यात्रा करने की योजना बना रहे लोगों से वहां न जाने के लिए कहा है। जयसवाल ने कहा कि उन्हें रखाइन में रहने वाले भारतीयों की सही संख्या की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, सितवे में हमारा वाणिज्य दूतावास है। सुरक्षा स्थिति का हमारे वाणिज्य दूतावास पर असर पड़ सकता है। हम स्थिति पर नजर रख रहे हैं और देखेंगे कि इससे कैसे निपटा जाए।