ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान और अमेरिका ने पहली बार गुआम में संयुक्त क्षेत्रीय प्रशिक्षण अभ्यास किया। यह अभ्यास 8 से 12 दिसंबर 2025 तक ऑपरेशन क्रिसमस ड्रॉप के साथ हुआ। विदेश मंत्रालय के अनुसार, आईपीएलएन के तहत हुआ यह अभ्यास आपदाओं के समय तेज, प्रभावी और साझा लॉजिस्टिक मदद सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम है।
ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान और अमेरिका यानी क्वाड देशों ने पहली बार मिलकर एक खास क्षेत्रीय प्रशिक्षण अभ्यास (एफटीएक्स) सफलतापूर्वक पूरी की है। यह अभ्यास 8 से 12 दिसंबर 2025 के बीच गुआम स्थित एंडरसन एयर फोर्स बेस पर हुआ। यह अभ्यास ऑपरेशन क्रिसमस ड्रॉप के साथ किया गया।
यह अभ्यास क्वाड इंडो-पैसिफिक लॉजिस्टिक्स नेटवर्क (आईपीएलएन) के तहत आयोजित किया गया। भारत के विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, इस पहल का मकसद यह है कि क्वाड देश मिलकर अपनी लॉजिस्टिक्स यानी आपूर्ति और मदद पहुंचाने की क्षमता को साझा करें।
भूकंप, तूफान में लोगों के लिए बड़ी राहत
इस नेटवर्क के जरिए बड़े पैमाने पर आने वाली प्राकृतिक आपदाओं जैसे भूकंप, तूफान या बाढ़ के समय लोगों तक तेजी और बेहतर तरीके से मदद पहुंचाई जा सके। इसका उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा जान बचाना, राहत कार्यों को तेज करना और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के अन्य देशों को सहायता देना है। यह पहला संयुक्त अभ्यास क्वाड देशों के बीच सहयोग और आपदा प्रबंधन की तैयारी को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।