ओमान के समुद्री क्षेत्र में एक मालवाहक पोत पर हुए हमले के बाद भारत ने घटना की निंदा की है। चालक दल के 24 भारतीय सदस्यों में से 21 को बचा लिया गया है, जबकि तीन का अब भी पता नहीं चल सका है। नई दिल्ली ने हालात सामान्य करने, बातचीत के जरिये समाधान निकालने और वैश्विक जलमार्गों पर निर्बाध आवागमन बहाल करने पर जोर दिया है। पढ़िए रिपोर्ट-
भारत ने आज ओमान के तट के पास वाणिज्यिक जहाज सेटेबेलो पर हमले की कड़ी निंदा की। जहाज पर सवार 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से अब तक 21 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि तीन भारतीयों के लापता होने की सूचना है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जारी खोज एवं बचाव अभियान में ओमानी अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है।
विज्ञापन
विदेश मंत्रालय ने कहा, क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले गंभीर चिंता का विषय हैं और यह वहां जारी संघर्ष का सीधा परिणाम है। भारत ने एक बार फिर तनाव को तुरंत कम करने और कूटनीतिक समाधान के लिए जारी वार्ताओं को सफलतापूर्वक पूरा करने की अपील की, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता वापस लौट सके।
भारत ने कहा कि क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए। साथ ही अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर निर्बाध और स्वतंत्र आवाजाही तथा व्यापार को जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।
एक सप्ताह के भीतर यह दूसरा मामला है, जब ओमान के तट पर भारतीय नाविकों को निशाना बनाया गया है।