विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल (फाइल)
- फोटो : ANI
हैती हिंसा पर विदेश मंत्रालय ने कहा, 'दूतावास लगातार भारतीय समुदाय के संपर्क में है।' विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के मुताबिक सरकार स्थिति पर करीबी नजर रख रही है। हैती में संकट है और अगर जरूरत पड़ी तो दूतावास खाली करने का फैसला भी लिया जा सकता है। हम जगह खाली करने के लिए तैयार हैं। हैती में चल रहे घटनाक्रम के मद्देनजर हालात पर नजर रखने और सूचना-सहायता प्रदान करने के लिए विदेश मंत्रालय ने 24 घंटे का नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल (फाइल)
- फोटो : ANI
म्यांमार की वर्तमान स्थिति पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, भारत ने रखाइन राज्य के लिए एक एडवाइजरी जारी की थी। वहां स्थिति बहुत नाजुक है। सुरक्षा संबंधी स्थिति भी खराब है। हमने सभी भारतीय नागरिकों को सुरक्षित जगहों पर जाने का सुझाव दिया था। हमारे जो नागरिक वहां हैं या किसी और देश से हैं, लेकिन संकटग्रस्त इलाकों में फंसे हुए हैं, उनसे कहा गया है कि वे प्रभावित इलाकों में जाने से बचें। सुरक्षा की स्थिति के कारण म्यांमार चिंता का विषय बना हुआ है। वहां लगातार संघर्ष हो रहा है। हालात अनुकूल नहीं हैं, लेकिन हम सभी पक्षों से शांति बहाली का आह्वान करते हैं। हम म्यांमार में स्थिरता चाहते हैं। हम रचनात्मक बातचीत और जुड़ाव के माध्यम से समावेशी और संघीय लोकतंत्र स्थापित करने का आह्वान करते हैं।
भूटान के पीएम शेरिंग तोबगे, पीएम मोदी (फाइल)
- फोटो : ANI
भूटान के प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग तोबगे ने भारत दौरे पर पीएम मोदी से मुलाकात की। उन्होंने प्रधानमंत्री को भूटान दौरे पर आमंत्रित भी किया। इस संबंध में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, गुरुवार को भूटान के प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी से मुलाकात की। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को भूटान आने का न्योता दिया। जहां तक दौरे की बात है, योजना बनने के बाद सरकार इसकी घोषणा करेगी। पीएम मोदी के भूटान दौरे के संबंध में आधिकारिक विवरण जल्द जारी किए जाएंगे।
डोभाल के इस्राइल दौरे पर क्या बोला विदेश मंत्रालय
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल की इस्राइल यात्रा पर विदेश मंत्रालय ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने की पुरजोर वकालत कर रहे हैं। उन्होंने इस संबंध में अरब देशों के कई नेताओं से भी संपर्क साधा है। एनएसए की इस्राइल यात्रा रमजान के पवित्र महीने की शुरुआत में हुई है। एनएसए ने इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से भी मुलाकात की। उन्होंने अपने इस्राइली समकक्ष से भी मुलाकात की। डोभाल ने कई अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात की। उन्होंने दोनों देशों के बीच मानवीय सहायता बढ़ाने पर जोर दिया।