India Switzerland Relation: स्विस राजदूत माया टिसाफी ने दिल्ली में आयोजित स्विस आर्ट नाइट में कहा कि भारत और स्विट्जरलैंड के बीच न केवल कला बल्कि अर्थव्यवस्था, शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में भी संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं।
भारत और स्विट्जरलैंड के बीच मजबूत होते रिश्तों पर स्विट्जरलैंड की भारत एवं भूटान में राजदूत माया टिसाफी ने दिल्ली में आयोजित स्विस आर्ट नाइट कार्यक्रम में कहा कि दोनों देशों के संबंध सिर्फ कला तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अर्थव्यवस्था, नवाचार और शिक्षा तक फैल चुके हैं।
विज्ञापन
राजदूत माया टिसाफी ने कहा भारत और स्विट्जरलैंड के बीच बहुत पुराना और मजबूत रिश्ता है। ‘स्विस आर्ट नाइट’ सिर्फ एक कला आयोजन नहीं, बल्कि यह डिप्लोमेसी इन एक्शन यानी कूटनीति का जीवंत उदाहरण है।
महिलाओं और युवाओं पर विशेष ध्यान
माया टिसाफी ने बताया कि भारत में पहली महिला स्विस राजदूत होने के नाते उन्होंने महिलाओं, एथलीट्स और कलाकारों को सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने कहा यह दिखाना बेहद जरूरी है कि जब युवा और महिलाएं सशक्त होती हैं तो वे समाज और देश में अद्भुत बदलाव ला सकती हैं।
भारत-स्विट्जरलैंड फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर बड़ा कदम
माया टिसाफी ने दोनों देशों के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को लेकर भी महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने बताया कि 16 साल की लंबी बातचीत के बाद भारत और EFTA देशों (लिकटेंस्टीन, नॉर्वे, आइसलैंड और स्विट्जरलैंड) के बीच समझौता शुरू हुआ है। उन्होंने कहा यह एक ऐतिहासिक कदम है। अब हम अपने संबंधों को सिर्फ संस्कृति तक सीमित नहीं रखेंगे, बल्कि अर्थव्यवस्था, नवाचार और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में भी इसे और मजबूत करेंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि इस समझौते से भारत को यूरोप में नए व्यापारिक अवसर मिलेंगे और स्विट्जरलैंड के साथ तकनीकी सहयोग, स्किल डेवलपमेंट और स्टार्टअप इनोवेशन में नए रास्ते खुलेंगे।