भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बसपा के महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी पर किसी भी तरह की कार्रवाई न कर बहन जी ने संपूर्ण नारी जाति का अपमान किया है। नसीमुद्दीन का बचाव कर वह जनता की नजरों में गिर गई हैं।
प्रदेश की जनता को उम्मीद थी कि बहन एवं बेटी पर अपमानजनक टिप्पणी करने वालों पर वह कार्रवाई करेंगी, लेकिन अफसोस है कि वे ऐसे लोगों की पैरवी कर रही हैं। नसीमुद्दीन ने दयाशंकर की उस मासूम बेटी का नहीं बल्कि हर बेटी का अपमान किया है। कहा कि भाजपा पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह के परिजनों के साथ है। पार्टी इस लड़ाई में दयाशंकर की पत्नी का पूरा साथ देगी।
कई दिनों के बाद अपने गृहनगर पहुंचे केशव ने पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह की परिजनों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में कहा कि मायावती इस मामले में राजनीति कर रही हैं। वह अपने नेताओं का बचाव कर रही हैं।