केंद्रीय विभागों में तैनात दैनिक वेतन भोगी कर्मियों के लिए राहत वाली खबर है। अब उन्हें साप्ताहिक अवकाश का भी वेतन मिलेगा। अब तक यह व्यवस्था सिर्फ उन्हीं विभागों में लागू थी, जहां छह दिन का कार्यदिवस था लेकिन अब पांच दिन के कार्यदिवस वाले विभागों में तैनात कर्मचारियों को भी एक दिन के साप्ताहिक अवकाश का भुगतान किया जाएगा। हालांकि इसके लिए कर्मचारियों को निर्धारित मानक पूरे करने होंगे।
इस बाबत केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अब तक यही व्यवस्था रही है कि जिन केंद्रीय विभागों में छह दिन का कार्यदिवस है, वहां एक दिन के साप्ताहिक अवकाश का कर्मचारियों को भुगतान किया जाता है, लेकिन पांच दिन के कार्यदिवस वाले विभागों में तैनात दैनिक वेतन भोगी कर्मियों को साप्ताहिक अवकाश का भुगतान नहीं मिलता था।
ज्यादातर केंद्रीय विभागों में पांच दिन का ही कार्य दिवस होता है, सो साप्ताहिक अवकाश का वेतन न पाने वालों की संख्या काफी बड़ी थी। अब इस व्यवस्था में बदलाव किया गया है।