मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ ने सोमवार को गुजरात के राजकोट शहर में अपने राज्य आगमन पर एक रोड शो का नेतृत्व किया। शाम को राजकोट हवाईअड्डे पर उतरे जगन्नाथ के भव्य स्वागत के लिए राजकोट जिला प्रशासन ने दो किलोमीटर लंबे रोड शो का आयोजन किया था।
विज्ञापन
वह मंगलवार को जामनगर में "डब्ल्यूएचओ ग्लोबल सेंटर फॉर ट्रेडिशनल मेडिसिन" के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने वाले शिलान्यास समारोह में शामिल होने वाले हैं। राजकोट हवाई अड्डे से राजीव गांधी सर्किल तक रोड शो के दौरान कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए भारत के दौरे पर आए जगन्नाथ का सड़कों पर खड़े लोगों ने उत्साहवर्धन किया।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रशासन ने कलाकारों के लिए पारंपरिक नृत्य जैसे प्राचीन गरबा, तलवार रास, नासिक ढोल और कथक सहित अन्य पारंपरिक नृत्यों के प्रदर्शन के लिए मार्ग पर 25 मंच बनाए थे। जगन्नाथ के स्वागत के लिए आयोजित रोड शो में विभिन्न सामाजिक संगठनों और कॉलेजों से जुड़े सदस्यों और छात्रों ने हिस्सा लिया।