आतंकवादी संगठन आईएसआईएस का बढ़ता प्रभाव देश के मौलानाओं को भी खटकने लगा है। इसलिए देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के मौलाना इसके खिलाफ उठ खड़े हुए हैं। मुंबई के मौलानाओं ने शांति के लिए एक मेगा संदेश सभा आयोजित कर मध्य पूर्वी देशों में अमन और सुख समृद्धि की कामना की।
इस खास पहल को प्रोत्साहित करने के लिए मेगा सभा में इजिप्त, यमन, सऊदी अरब, बहरीन कुवैत, मलेशिया, अफगानिस्तान, तुर्की और ईरान जैसे देशों के जनरल कॉन्फरेंस भी शामिल हुए।
मौलाना मुफ्ती मुहम्मद मंजूर जियाई ने कहा कि मध्य पूर्वी देशों में दिनों तनाव के हालात हैं। इस तनाव की एकमात्र खास वजह वहां फल फूल रहे आतंकवादी संगठन आईएसआईएस है जो इस्लाम के नाम पर अपने जिहादी प्रोपोगंडा के जरिए आतंकवाद को बढ़ावा देती है।
उन्होंने कहा कि मध्य पूर्वी एशियाई देशों के साथ भारत का एक अटूट नाता है। इसलिए वहां बढ़ रहे तनाव को देखते हुए मुंबई में आईएसआईएस के खिलाफ खास कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुफ्ती मुहम्मद मंजूर जियाई ने कहा कि इन दिनों मध्य पूर्वी एशियाई देशों के हालात नाजुक हैं, उससे निजाद दिलाने की जरूरत है।
शांति पर किए जा रहे इस खास पहल को बढ़ावा देने के लिए हाजी अली दरगाह के ट्रस्टी सोहैल खंडवानी, बगदाद इस्लामिक स्कॉलर मौलाना नूरुल हसन नईमी अजहारी, शिव सेना के नेता हाजी अराफात, मुंबई भाजपा के उपाध्यक्ष हाजी हैदर आजम, समाजसेवक साबरा सिखवानी शामिल हुए। आल इंडिया मजलिस-ए -इत्तेहादुल मुस्लिमीन के विधायक वारिस पठान, राज्यमंत्री श्रीमती विद्या ठाकुर के पति जयप्रकाश ठाकुर भी इस मेगा शो का हिस्सा बने।
अमन-शांति के इस प्रयास के लिए फडणवीस करेंगे सम्मान
अमन और शांति को बढ़ावा दे रहे मौलवियों समेत लगभग देशभर के 25 गणमान्य सदस्यों को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस आगामी 26 मई को सम्मानित करेंगे। इन गणमान्यों को अमन का मसीहा अवार्ड दिया जाएगा। ये वो शांति दूत होंगे जिन्होंने अपने जीवन में शांति कायम रखने में उल्लेखनीय योगदान दिया है।