दिल्ली पुलिस ने साल 2000 में एक जबरन वसूली रैकेट की जांच करते हुए कथित सट्टेबाज संजीव चावला और दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान हैंसी क्रोनिए की टेलीफोन पर हुई बातचीत को टेप किया था। इसके बाद खेल में एक बड़े स्कैंडल का पता चला था।
जांचकर्ताओं ने 2000 में मैच फिक्सिंग मामले का पर्दाफाश किया था जिसके बाद कई क्रिकेट प्रेमियों का इस खेल पर विश्वास डगमगा गया था। चावला को बृहस्पतिवार को लंदन से प्रत्यर्पित करके यहां लाया गया है। चावला ने वडोदरा में 16 मार्च, 2000 को क्रोनिए से मैच के बारे में भी बात की थी।
मामले की जांच करने वाले ईश्वर सिंह ने बताया कि करोल बाग के एक व्यवसायी ने दिल्ली पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई थी कि दुबई से उसके बाद उगाही की कॉल आई है। उन्होंने बताया, ‘संदिग्धों के नंबर को टेप किया गया और उन नंबरों में से एक नंबर का इस्तेमाल चावला करता था।’