देश की अन्य कार कंपनियां जहां कारों के दाम पर छूट की पेशकश कर रही हैं, वहीं देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी, मारुति सुजुकी इंडिया ने अपनी कारों की कीमतों में 20,000 रुपये तक का इजाफा कर दिया है।
कंपनी के मुताबिक, यह बढ़ोतरी तत्काल रूप से मान्य होगी। इस साल मार्च में कंपनी ने अपनी कारों की कीमतों में 34,494 रुपये तक की बढ़ोतरी की थी। आम बजट में कारों पर इंफ्रास्ट्रक्चर सेस लगाए जाने के बाद कारों की कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी।
मारुति सुजुकी इंडिया के मुताबिक, कांपैक्ट एसयूवी विटारा ब्रिजा की कीमतों में 20,000 रुपये की बढ़ोतरी की गई है जबकि प्रीमियम हैचबैक बलेनो के दाम में 10,000 रुपये का इजाफा किया गया है।
अन्य कुछ मॉडलों की कीमतों में 1,500-5,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में कंपनी ने कहा कि सेगमेंट के अनुसार होने वाली मांग, विदेशी मुद्रा की चाल और कंपनी की रणनीति के तहत कीमतों में बढ़ोतरी की गई है।