जवाहर बाग खाली कराने के दौरान हिंसा में शहीद हुए एसपी सिटी मुकुल द्विवेदी के परिवार ने अब मथुरा को अलविदा कह दिया है। उनकी पत्नी अर्चना द्विवेदी ने पिछले दिनों नोएडा विकास प्राधिकरण में ओएसडी के पद पर कार्यभार संभाल लेने के बाद गुरुवार को मथुरा का आवास खाली कर दिया।
दो जून को जवाहर बाग को खाली कराते समय हुई हिंसा के दौरान कब्जा जमाए बैठे रामवृक्ष यादव के गुर्गों ने लाठी-डंडों से पीट-पीट कर एसपी सिटी मुकुल द्विवेदी की हत्या कर दी थी। उनकी शहादत पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव उनके परिवारीजनों को सांत्वना देने 13 जून को मथुरा उनके सरकारी आवास पर आए थे। इस दौरान उन्होंने मुकुल द्विवेदी की पत्नी अर्चना द्विवेदी को ओएसडी के पद पर तैनाती की घोषणा की थी।
इस पर 20 जून को अर्चना द्विवेदी ने लखनऊ जाकर ज्वाइनिंग की। इसके उनकी नोएडा में पोस्टिंग की मांग को शासन ने स्वीकृत कर उन्हें नोएडा के विकास प्राधिकरण में ओएसडी के पद पर तैनात कर दिया। पिछले दिनों उन्होंने इस पद का दायित्व भी संभाल लिया। गुरुवार को वे मथुरा ऑफिसर्स कालोनी स्थित आवास पर आईं और उसे खाली कराया। वे सामान लेकर नोएडा चली गईं। अब यह आवास एसपी सिटी आलोक प्रियदर्शी के नाम आवंटित किया जाएगा।