दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई शहरों में पिछले कुछ दिनों से तेज गर्मी का सामना कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर भारत के कई शहरों में सोमवार को आसमान में छाये आंशिक बादलों की वजह से भीषण गर्मी से राहत मिली। यह राहत अगले चार दिनों तक और जारी रह सकती है, लू भी नहीं चलेगी।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार को गरज के साथ छींटे पड़ने और आंधी चलने का अनुमान भी जताया है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है। लेकिन बुधवार को फिर से तापमान बढ़ना शुरू हो जाएगा और शुक्रवार को यह 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम कार्यालय ने शुक्रवार के लिए शहर के कुछ हिस्सों के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है।
हरियाणा, पंजाब में अधिकतम तापमान में मामूली कमी, गर्मी का प्रकोप जारी
हरियाणा और पंजाब में सोमवार को अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट देखी गयी। हालांकि अब भी पारा सामान्य से अधिक बना हुआ है।मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा के गुरुग्राम में पारा रविवार को 48.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि सोमवार को तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस रहा था।
हिसार में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि रविवार को 47.3 डिग्री सेल्सियस था। इसी तरह सिरसा में भी अधिकतम तापमान में गिरावट देखी गई। पंजाब में अमृतसर में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजस्थान में तापमान में गिरावट के बाद लोगों को मिली भीषण गर्मी से राहत
राजस्थान के अधिकतर शहरों में भी सोमवार को अधिकतम तापमान में दो से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के अधिकांश स्थानों का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया जिससे लोगों को लू (गर्म हवाएं) से राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को धौलपुर 46.1 डिग्री तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। वहीं, अलवर में 44.2 डिग्री, चूरू में 44 डिग्री, करौली -पिलानी में 43.9 डिग्री, जैसलमेर में 43.5 डिग्री, कोटा-फलौदी में 43.4 डिग्री, चित्तौड़गढ़-बाड़मेर में 43 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
राज्य के अन्य प्रमुख शहरों के अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस से लेकर 39.6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। वहीं राज्य के अधिकतर स्थानों पर रविवार रात का तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस से लेकर 23.4 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया था।
विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू जिलो में में मेघगर्जन, धूलभरी आंधी और अचानक 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है।
हिमाचल में बारिश के साथ हल्की ओलावृष्टि की संभावना
हिमाचल प्रदेश के शिमला में मौसम विभाग ने कहा कि सोमवार से बुधवार तक राज्य के कुछ हिस्सों में गरज और बारिश के साथ हल्की ओलावृष्टि होने की संभावना है। राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। कहा गया है कि मध्य-क्षोभमंडल के स्तर में ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण इसकी धुरी समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है, जिससे हल्की से मध्यम आंधी या बारिश की उम्मीद है।
ओडिशा में भारी बारिश से राहत
पश्चिमी ओडिशा में रात भर मध्यम से भारी बारिश होने से शुष्क मौसम समाप्त हुआ। मौसम विभाग ने कहा कि बंगाल की खाड़ी से पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत की ओर तेज दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के कारण अगले तीन-चार दिनों में ओडिशा में गरज के साथ वर्षा और धूल भरी हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
मध्यप्रदेश में भी लू से राहत की संभावना
मध्यप्रदेश में भी लू की स्थिति से राहत मिलने की संभावना है, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट का अनुमान लगाया है।आईएमडी के भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पीके साहा ने कहा कि अगले तीन दिनों में तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में जून के मध्य तक मानसून आने की संभावना है।