सामाजिक कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने मराठा लोगों को जागरूक करने के लिए महाराष्ट्र दौरा करने का फैसला लिया है। उन्होंने सोमवार को कहा कि वह दिवाली के बाद मराठाओं से मिलने और समुदाय के लिए आरक्षण के मुद्दे पर उन्हें जागरूक करने के लिए महाराष्ट्र के दौरे पर निकलेंगे।
दौरे के होंगे चार चरण
जरांगे एनसीपी विधायक रोहित पवार से छत्रपति संभाजीनगर के एक निजी अस्पताल में मुलाकात करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दौरे को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। आज इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। जरांगे ने कहा कि वह महाराष्ट्र के कई क्षेत्रों का दौरा करेंगे। दौरे के चार चरण होंगे और इसकी शुरुआत विदर्भ क्षेत्र से हो सकती है।
आरक्षण की मांग को लेकर लगातार आंदोलन
मराठा आरक्षण के लिए आंदोलन के दूसरे चरण के दौरान पिछले महीने भूख हड़ताल पर जाने से पहले कार्यकर्ता ने पश्चिमी महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों का दौरा किया था। बता दें, जरांगे सरकारी नौकरियों और शिक्षा में मराठा समुदाय के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) श्रेणी के तहत आरक्षण की मांग कर रहे हैं।
ऑडियो क्लिप हुआ था वायरल
इससे पहले, एक ऑडियो क्लिप वायरल हुआ था, जिसमें महाराष्ट्र के मंत्री और एनसीपी नेता छगन भुजबल कथित तौर पर यह कहते सुना गया था, 'यह हमारे (ओबीसी) लिए करो या मरो की स्थिती है। हमें इसके लिए अपनी आवाज उठानी चाहिए।'
हम लड़ेंगे और जीतेंगे
क्लिप के बारे में पूछे जाने पर जरांगे ने कहा, 'मैं उनके (भुजबल) बारे में कुछ नहीं कह रहा हूं। मराठा आरक्षण के लिए हमारी लड़ाई शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है। हम लड़ेंगे और जीतेंगे। चाहे कितना भी दबाव बना लिया जाए, आंदोलन नहीं रुकेगा। हम किसी आलोचना पर ध्यान नहीं देंगे। हम मराठाओं का अधिकार मांग रहे हैं।'
मराठा आरक्षण मुद्दे को हल करने के लिए राज्य सरकार का एक प्रतिनिधिमंडल जरांगे से मुलाकात कर सकता है। इस बारे में जरांगे ने कहा कि सीएमओ से इस बारे में एक संदेश आया है।
मराठाओं को कुनबी जाति प्रमाण पत्र जारी
गौरतलब है, महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने पिछले महीने फैसला किया था कि मराठवाड़ा क्षेत्र से आने वाले उन मराठाओं को कुनबी जाति प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा, जिनके पास यह सिद्ध करने के लिए दस्तावेज होंगे। बता दें, कुनबी कृषि से जुड़ा समुदाय है और महाराष्ट्र में उसे ओबीसी श्रेणी में रखा गया है और उसे शिक्षा एवं सरकारी नौकरियों में आरक्षण का लाभ मिलता है।