गुजरात के बनासकांठा जिले में रेत से भरे डंपर ट्रक के पलटने से तीन महिला मजदूर और एक बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को बताया कि ये घटना शनिवार शाम को जिले के खेंगरपुरा गांव में हुई। हादसा तब हुआ जब वहां सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था।
अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान रेणुकाबेन गनावा (24), सोनलबेन निनामा (22), इलाबेन भाभोर (40) और रुद्र (2) के रूप में हुई है।
पुलिस उपाधीक्षक एस.एम. वरोतरिया ने बताया कि डंपर एक संकरे रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहा था उसी दौरान वह पलट गया और वहां काम कर रहे कुछ मजदूरों पर गिर गया। इसके बाद आनन-फानन में बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक ,क्रेन और बुलडोजर की मदद से ट्रक के नीचे फंसी महिलाओं और बच्चे को बाहर निकालने में करीब दो घंटे का समय लगा। बाहर निकालने के बाद उन्हें पास के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
थराड के सरकारी अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी जयदीप त्रिवेदी ने बताया कि चार लोगों को जब अस्पताल लाया गया तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि पुलिस को इस घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।