पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के कंबल वितरण कार्यक्रम में भगदड़ मचने का मामला सामने आया है। इस दौरान तीन महिलाओं की मौत भी हो गई और कुछ अन्य लोग घायल भी हो गए हैं। भगदड़ का कारण कार्यक्रम में ज्यादा भीड़ होना था। गौरतलब है कि इस कंबल वितरण कार्यक्रम दक्षिणी बर्धमान के आसनसोल में बुधवार शाम किया गया था।
आसनसोल दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस हादसे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कंबल वितरण कार्यक्रम में भगदड़ उस समय हुई जब लोग कंबल लेने के लिए मंच की ओर दौड़े। वहीं, उन्होंने यह भी बताया कि हादसे से पहले राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने इस कार्यक्रम में संबोधन भी दिया था। भाजपा नेता के कार्यक्रम स्थल से जाने के बाद लोग कंबल लेने के लिए मंच की ओर दौड़े और इसी कारण वहां भगदड़ मच गई।
आसनसोल दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय के वरिष्ठ अधिकारी ने यह भी बताया कि कार्यक्रम एक धार्मिक संगठन द्वारा आयोजित किया गया था। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि कार्यक्रम के लिए पुलिस से कोई अनुमति नहीं ली गई थी।
इस बीच तृणमूल कांग्रेस ने सुवेंदु अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए। टीएमसी ने आरोप लगाया कि अधिकारी ने कानून का उल्लंघन किया। इसके बाद सुवेंदु अधिकारी ने आसनसोल मामले पर अपना बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि मैंने आसनसोल में एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मेरे वहां से निकलने के करीब एक घंटे बाद मुझे बताया गया कि वहां भगदड़ मच गई है। जब मैं वहां था, तो वहां सुरक्षा व्यवस्था ठीक थी। पुलिस और ट्रैफिक पुलिस भी मौजूद थी। हादसे के बाद जब मैंने आयोजकों से संपर्क किया तो पता चला कि मेरे वहां से निकलते ही पुलिस बल को हटा लिया गया। मैं मामले में राजनीति नहीं करना चाहता और किसी पर आरोप भी नहीं लगाना चाहता। मैं पीड़ितों के परिवार के साथ हूं।