प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम में देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें हमारी सेना पर नाज है। उन्होंने कहा सेना बोलती नहीं है पराक्रम दिखाती है और सेना अपने पराक्रम से हर साजिश को नाकाम करेगी। यह 'मन की बात' का 24वां कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन के माध्यम से किया जा रहा है।
पीएम मोदी ने कहा, 'मैं उड़ी के शहीदों को सलाम करता हूं, उन्हें श्रद्धाजंलि अर्पित करता हूं। उड़ी हमले के साजिशकर्ताओं को बख्शा नहीं जाएगा।' उड़ी हमले के बाद यह प्रधानमंत्री का पहला 'मन की बात' कार्यक्रम था।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में 11वीं के छात्र हर्षवर्धन का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि हर्षवर्धन ने उड़ी हमले को लेकर उन्हें पत्र लिख कर कहा कि वह काफी आक्रोश में है और देश के लिए कुछ करना चाहता है। पीएम ने छात्र के सवाल पर कहा, उड़ी आतंकवादी हमले के बाद नागरिकों के मन में जो आक्रोश है, उसका बहुत-बड़ा मूल्य है। ये राष्ट्र की चेतना का प्रतीक है।'