Churachandpur Weapons Recovery: मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान के दौरान भारी मात्रा में हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया। सात प्रोजेक्टाइल लांचर, 11 एचई बम, देशी रायफलें, पिस्टलें, बुलेटप्रूफ जैकेट और संचार उपकरण मिले
इंफाल में सुरक्षा बलों ने अवैध हथियारों के खिलाफ जारी अभियान को एक और बड़ी सफलता दिलाई है। चुराचांदपुर के बॉलनियो इलाके में सोमवार को भारी मात्रा में हथियार और युद्ध-सामग्री मिली। यह इलाका हेंगलेप थाने के निंगथिचिंग गांव से करीब पांच किलोमीटर दूर है। अधिकारियों के अनुसार, यह बरामदगी हाल के दिनों में सुरक्षा बलों द्वारा की गई सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक है। राज्य में हथियारों की अवैध आवाजाही और हिंसक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए यह कदम अहम माना जा रहा है।
विज्ञापन
तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने जिन हथियारों और विस्फोटकों को कब्जे में लिया, उनमें सात संशोधित प्रोजेक्टाइल लांचर, 11 स्थानीय रूप से बने पंपी प्रोजेक्टाइल एचई बम, सात देशी सिंगल बैरल रायफलें और दो देशी पिस्टल शामिल हैं। इसके अलावा दो पिस्टल मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस, दो बाओफेंग हैंडसेट, नौ बुलेटप्रूफ जैकेट, छह एंकलेट और नौ गोला-बारूद पाउच भी मिले। अधिकारियों ने इसे अवैध हथियार नेटवर्क पर बड़ी चोट बताया है।
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क, अभियान में तेजी
अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा बल पिछले कई सप्ताह से राज्य के संवेदनशील इलाकों में लगातार तलाशी और कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रहे हैं। हथियारों की तस्करी और मिलिशिया समूहों की गतिविधियों को रोकने के लिए कई स्थानों पर एरिया डॉमिनेशन बढ़ाया गया है। हाल के दिनों में विभिन्न जिलों में हथियारों और संचार उपकरणों की बरामदगी की घटनाएं इसी अभियान का परिणाम हैं।
सीमा क्षेत्रों में निगरानी और मजबूत
सीमा और पहाड़ी इलाकों में मिलिशिया और अवैध समूहों की आवाजाही रोकने के लिए विशेष गश्त बढ़ाई गई है। सुरक्षा बलों की टुकड़ियां उन स्थानों पर तैनात की गई हैं, जहां हथियारों के आने की संभावना अधिक रहती है। चुराचांदपुर जैसे जिलों में मिली इस सफलता ने एजेंसियों को और सतर्क किया है।
आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति पर भी ध्यान
अधिकारियों के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर आवश्यक वस्तुओं के परिवहन को सुरक्षा कवर में सुचारू रूप से जारी रखा गया है। संवेदनशील मार्गों पर सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है ताकि किसी प्रकार की अवरोधक घटना न हो। राज्य में शांति व्यवस्था को बहाल करने के लिए यह कदम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।