एशिया की वैभवशाली मुंबई महानगरपालिका चुनाव से पूर्व मुंबई भाजपा अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा सभी कील कांटों को दुरूस्त करने में जुट गए हैं। सबसे पहले उन्होंने मुंबई के उत्तर भारतीय समाज को भाजपा के पक्ष में गोलबंद करने की कोशिश शुरू की है। इस कड़ी में मुंबई भाजपा के तेजतर्रार उपाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी को उत्तर भारतीय मोर्चा का प्रभारी नियुक्त किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री व विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने हाल ही में मुंबई भाजपा की नई समिति सहित पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में कमल खिलाने की घोषणा की थी। साथ ही, उन्होंने भाजपा के तेजतर्रार विधायक अतुल भातखलकर को बीएमसी चुनाव में पार्टी का प्रभारी नियुक्त कर शिवसेना को कड़ा संदेश भी दे दिया है।