हजारों करोड़ की अघोषित संपत्ति का खुलासा करने वाले गुजरात के कारोबारी महेश शाह को इनकम टैक्स विभाग ने हिरासत में ले लिया है। इनकम टैक्स विभाग ने शनिवार की शाम शाह को हिरासत में लिया, इसके पहले शाह पिछले कई दिनों से लापता बताए जा रहे थे।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 67 वर्षीय कारोबारी महेश शाह ने 13 हजार 860 करोड़ रुपये की अघोषित आय का खुलासा किया था, जो कि इस इनकम डिक्लरेशन स्कीम के तहत कुल जमा 65 हजार करोड़ का 20 फीसदी होता है, जबकि पिछले तीन वर्षों से शाह ने इनकम टैक्स रिटर्न में अपनी आय महज 2-3 लाख रुपये सालाना ही बता रखी थी।
शाह के घर और दफ्तर पर 29 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच आयकर अधिकारियों ने छापेमारी भी की थी। शाह के सीए तहमूल सेठना से भी आयकर अधिकारियों ने पूछताछ की थी। सेठना ने बताया था कि आखिरी दफा उसकी शाह से बात आयकर विभाग के अधिकारियों के सामने ही हुई थी। सेठना ने यह भी बताया था कि उसने कभी शाह का इनकम टैक्स नहीं भरा।
सेठना ने अधिकारियों को बताया था कि शाह के संबंध हाई प्रोफाइल लोगों समेत नेताओं से भी थे, और वे सब मुंबई के फाइव स्टार होटलों में मिलते थे। वहीं, आयकर विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शाह के कारोबारी सहयोगियों से 40 लाख कैश और 30 लाख के गहने जब्त किए गए हैं।