महाराष्ट्र के पालघर में 30 साल के व्यक्ति ने शारीरिक संबंध बनाने से इनकार करने पर एक विवाहित महिला की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस पीआरओ हेमंत कटकर ने बताया कि मृतका 15 जुलाई को विरार के सायवान आरा में अपने कृषि फार्म के पास खून से लथपथ पाई गई थी। बाद में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने प्राथमिक सबूतों पर कार्रवाई करते हुए 30 साल के आरोपी राजेश पवार को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि आरोपी को 17 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया गया था।
पुलिस के अनुसार, जब मृतका खेत पर जा रही थी तब आरोपी ने उससे शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की थी। लेकिन महिला के इनकार करने और इस बात की शिकायत अपने पति तथा ग्रामीणों से करने की बात पर आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर उसे मार डाला।