मुंबई की लाइफलाइन माना जाने वाला उपनगरीय रेल नेटवर्क अब लोगों के लिए जानलेवा बनता जा रहा है। यहां एक ही दिन में दुर्घटना के कारण 16 लोगों की मौत हो गई है। इन दुर्घटनाओं में 30 अन्य लोगों के घायल होने की खबर भी है। एक रिलीज में इस बात की जानकारी रेलवे पुलिस ने दी है।
16 लोगों में से सात की मौत ठाणे जिले के अलग-अलग रेलवे स्टेशनों पर हुई है, जो मुंबई के महानगरीय क्षेत्र का ही हिस्सा है। ठाणे रेलवे स्टेशन में तीन लोगों की मौत हुई है, डोंबीवली और कलयाण में दो-दो लोगों की मौत हुई है। कुर्ला रेलवे स्टेशन, जो हार्बर और मेन लाइन दोनों सेक्शन की ट्रेनों को देखता है, यहां भी तीन लोगों की मौत बताई जा रही है।
वाशी, पनवेल, मुंबई सेंट्रल, बांद्रा, बोरीवली और वसई रेलवे स्टेशन पर एक-एक की मौत हुई है। मरने वाले 16 लोगों में एक महिला भी है। इस उपनगरीय रेलवे नेटवर्क से रोजाना 80 लाख लोग सफर करते हैं, विभिन्न दुर्घटनाओं में रोजाना यहां आठ से नौ लोगों की मौत हो जाती है। रेलवे ट्रैक पर ये हादसे चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने, अतिक्रमण, भीड़भाड़ वाली ट्रेन से गिरने आदि कारणों से होते हैं।