वडोदरा में पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद शख्स की रहस्यमयी तरीके से हुई मौत
- फोटो : ANI
गुजरात के वडोदरा में एक व्यक्ति को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद उसकी रहस्यमयी तरीके से मौत हो गई। दरअसल, मृतक को शहर के जवाहर नगर थाने में सोमवार रात को हिरासत में लिया गया था। इसके बाद मंगलवार सवेरे वह अचानक ही थाने में बेहोश हो गया। ऐसे में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
मृतक का नाम महेश पढियार है। उसकी उम्र 45 साल बताई जा रही है। उसके परिजन ने पुलिस पर पिटाई का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुलिस की पिटाई के चलते महेश की मौत हुई।
हालांकि, मामले में पुलिस का कहना है कि महेश पांचाल ने महेश पढियार की सोमवार की रात को पिटाई कर दी थी। पुलिस ने बताया कि महेश पांचाल ने कथित तौर पर पढियार को अपने घर में घुसा हुआ पाया और अपनी पत्नी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया।
ऐसे में उसने पुलिस को फोन कर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस के आने से पहले उसने पढियार को बुरी तरह से पीटा था। इसके बाद पांचाल की शिकायत पर पढियार को सीआरपीसी की धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक हिरासत में ले लिया गया।
वहीं, पढियार को हिरासत में लेने के घंटों बाद वह लॉकअप में बेहोश पाया गया। ऐसे में उसे एक सरकारी अस्पताल में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हालांकि, मृतक के परिवार ने मंगलवार को दावा किया कि पुलिस ने उसे हिरासत में यातना दी।
इसके बाद पढियार के परिजनों ने पोस्टमार्टम से पहले शव लेने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि मृतक के शव पर पुलिस के डंडो के निशान थे।
पढियार के पोस्टमार्टम से पता चला है कि उसके सिर और नाक पर लगी चोटों के कारण उसकी मौत हुई थी। पुलिस का कहना है कि अब पांचाल के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।