पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने रविवार को पार्टी का स्थापना दिवस मनाया। इस मौके पर उन्होंने अपने संबोधन में टीएमसी के कार्यकर्ताओं को बधाई दी। साथ ही देश के संघीय ढांचे को मजबूत बनाने का संकल्प भी लिया। गौरतलब है कि साल 1998 में आज ही के दिन यानी एक जनवरी को ममता बनर्जी ने कांग्रेस छोड़कर तृणमूल कांग्रेस का गठन किया था।
टीएमसी के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि हमने लोगों की सेवा में खुद को समर्पित कर दिया है। आगे भी उनके कल्याण के लिए हम सदैव आगे रहेंगे। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के गठन से लेकर अभी तक जिन लोगों ने हमारा समर्थन किया है वे और पार्टी के नए सदस्य साथ मिलकर देश के संघीय ढांचे को मजबूत करेंगें।
इस मौके पर तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुणाल घोष ने भी संबोधन दिया। उन्होंने अपने संबोधन में दावा किया कि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों में विपक्षी दलों के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनेगी। इतना ही नहीं, तृणमूल कांग्रेस विपक्षी दलों की साझा सरकार की 'धुरी' बनकर उभरेगी। पार्टी अपने स्थापना दिवस के मौके पर इसका संकल्प लेती है।
टीएमसी महासचिव घोष ने आगे कहा कि यह वास्तव में बहुत गर्व और सम्मान की बात है कि टीएमसी ने आज अपने 25वें वर्ष में कदम रखा है। उन्होंने कहा कि इन 24 सालों में से 13 साल से हम पश्चिम बंगाल की सत्ता में हैं। अब हमारा लक्ष्य 2014 में विपक्षी दलों के नेतृत्व में बनने वाली केंद्र सरकार की धुरी के रूप में उभरना है। हम जनता को एक विकल्प प्रदान करना चाहते हैं।