पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को लोगों से सांप्रदायिक दंगों को बढ़ावा देने वाले उकसावे में नहीं आने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार राज्य के निवासियों के साथ खड़ी है और कोई भी राज्य में तनाव नहीं पैदा कर सकता। कोलकाता के रेड रोड पर ईद के कार्यक्रम में ममता बनर्जी ने कहा कि कुछ लोग दंगों को बढ़ावा देने के लिए लोगों को उकसाने का काम कर रहे हैं, लेकिन कृपया इन जाल में न फंसें। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार हमेशा अल्पसंख्यकों के साथ खड़ी रहेगी। कोई भी राज्य में तनाव नहीं फैला सकता।
हम सभी धर्मों के लिए जान देने के लिए तैयार- ममता
मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि हम सभी धर्मों के लिए अपने प्राणों की आहुति देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि बहुसंख्यकों का कर्तव्य है कि वे अल्पसंख्यकों की रक्षा करें और अल्पसंख्यकों का कर्तव्य है कि वे बहुसंख्यकों के साथ शांतिपूर्वक रहें। हम किसी को दंगा नहीं करने देंगे। हमारी एक ही आवाज है, दंगे रोकना।
टीएमसी महासचिव अभिषेख बनर्जी ने भी किया विरोध
बता दें कि इस मौके पर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भी भाजपा का विरोध किया। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा के बढ़ते प्रभाव का मुकाबला करने के लिए पार्टी एकजुट रही थी। उन्होंने कहा कि भाजपा कहती है कि 'हिंदू खतरे में हैं', और उनके दोस्त कहते हैं 'मुसलमान खतरे में हैं'।