बता दें कि पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एक मीडिया संस्थान ने कार्यक्रम आयोजित किया था। इसमें पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी शरीक हुईं। बातचीत के दौर में एक सवाल ममता की फिटनेस से जुड़ा था। दरअसल, एंकर ने उनसे पूछा कि आप मंच पर भाषण देते वक्त गतिमान स्थिति में नजर आती हैं। क्या आप भाषण देते वक्त व्यायाम करती हैं? ममता बनर्जी ने कहा कि वह भाषण सुनने आए हर शख्स से रूबरू होना चाहती हैं। यही वजह है कि वह मंच पर इधर-उधर गतिमान स्थिति में दिखती हैं। वैसे व्यायाम के नजरिए से देखा जाए तो भी यह अच्छा है। इसके बाद ममता बनर्जी ने अपनी फिटनेस का राज भी बताया।
जानकारी के मुताबिक, एंकर ने मुख्यमंत्री ममता से कहा, 'सुना है कि आप रोजाना 12 किलोमीटर की सैर करती हैं। अक्सर पत्रकार आपसे काफी पीछे रह जाते हैं। आपके साथ चलने के चक्कर में वे हांफ भी जाते हैं।' ममता बनर्जी ने बताया कि वह व्यायाम पर काफी ध्यान देती हैं। वह रोजाना ट्रेडमिल पर रनिंग करती हैं और मीटिंग व फोन कॉल जैसे कई काम भी उस पर ही निपटा देती हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि इस बार राज्य का बजट उन्होंने ट्रेडमिल पर चलते-चलते ही बना दिया था।
कार्यक्रम के दौरान ममता बनर्जी ने भाजपा के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा का काम एक-दूसरे को लड़ाना है। मैं स्ट्रीट फाइटर हूं। किसी से डरती नहीं हूं। ये बंगाल आकर हमें डराते हैं। अगर हम डरेंगे तो मरेंगे, इसलिए डरना नहीं है। सिर्फ दो आदमी पूरा देश चला रहे हैं। वे कहते हैं कि जो हमारी बात नहीं मानेगा, उसे खत्म कर देंगे। भाजपा वाले कोई काम नहीं करते। ये लोग गुंडागर्दी और दंगा-फसाद करते हैं। सबको इनकम टैक्स और सीबीआई का डर दिखाते हैं। बंगाल में कभी जाति की राजनीति नहीं हुई, लेकिन भाजपा ने इसकी शुरुआत कर दी है।