पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विश्व मानवतावादी दिवस के मौके पर ट्वीट करते हुए कहा कि कश्मीर में मानवाधिकारों का उल्लंघन हो रहा है। उन्होंने कहा कि आइए हम सभी कश्मीर के मानवाधिकारों और शांति के लिए प्रार्थना करें।
रविवार को घाटी के 50 और थाना क्षेत्रों में प्रतिबंधों में ढील दे दी गई। शुक्रवार रात को प्रतिबंधों में कुछ ढील दिए जाने के बाद श्रीनगर के कुछ क्षेत्रों सहित घाटी के 12 स्थानों पर सुरक्षाबलों और युवकों के बीच झड़प हुई। जिसमें कुछ लोग घायल हो गए हैं। इसके बाद श्रीनगर के कुछ इलाकों और जम्मू क्षेत्र के पांच जिलों- जम्मू, सांबा, कठुआ, रियासी और ऊधमपुर में 2जी इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया। प्रशासन ने एहतियातन श्रीनगर के कुछ हिस्सों में फिर से कड़े प्रतिबंध लगा दिए हैं।
सोमवार से श्रीनगर के 190 प्राइमरी स्कूल खुल रहे हैं। उम्मीद है कि आगे पाबंदियों में और ढील दी जा सकती है। सरकार के प्रवक्ता तथा प्रमुख सचिव रोहित कंसल ने पत्रकारों को बताया कि रविवार को 50 थाना क्षेत्रों में ढील दी गई। ढील की अवधि भी छह घंटे से बढ़ाकर आठ घंटे कर दी गई।