महाराष्ट्र के मालेगांव विस्फोट मामले में 17 साल बाद एनआईए कोर्ट ने सभी सात आरोपियों को बरी कर दिया। फैसले के बाद लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद पुरोहित ने कोर्ट और देश का आभार जताते हुए कहा कि सशस्त्र बलों ने हमेशा मेरा साथ दिया, शब्दों में शुक्रिया अदा नहीं कर सकता।
17 साल पहले महाराष्ट्र के मालेगांव विस्फोट मामले में एनआईए की विशेष अदालत ने सभी सात आरोपियों को बरी कर दिया है। कोर्ट के इस फैसले के बाद एक पक्ष में जहां खुशी की लहर है, तो वहीं दूसरी ओर निराशा का माहौल देखने को मिल रहा है। ऐसे में लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद श्रीकांत पुरोहित जो कि विस्फोट मामले के आरोपी थे कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए अपनी खुशी जाहिर की। पत्रकारों से बातचीत के दौरान पुरोहित ने कहा कि मैं देश और उन सभी लोगों का आभारी हूं जिन्होंने हमारा साथ दिया।
सीएम फडणवीस ने कांग्रेस पर किया हमला
वहीं कोर्ट के इस फैसले पर फडणवीस ने कांग्रेस पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार ने भगवा आतंकवाद और हिंदू आतंकवाद का झूठा नैरेटिव बनाया और मालेगांव मामले को तैयार किया, आज वह पूरी तरह उजागर हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने खास वोट बैंक को खुश करने के लिए ये कहानी बनाई।