शिवसेना नेता संजय राउत ने राकांपा प्रमुख शरद पवार को संप्रग अध्यक्ष बनाने की मांग की है। उन्होंने एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में कहा कि इससे कांग्रेस मजबूत होगी। बता दें, अभी सोनिया गांधी कांग्रेस व संप्रग दोनों की अध्यक्ष हैं। राउत ने संप्रग यानी यूपीए में शिवसेना, अकाली दल व तृणमूल कांग्रेस को भी शामिल करने की मांग की।
शिवसेना सांसद राउत ने कहा कि शरद पवार सर्वस्वीकार्य नेता हैं। पूरा देश आज हमारी ओर देख रहा है। संप्रग का पुनर्गठन होना चाहिए। हम एनडीए में नहीं हैं। अकाली दल भी नहीं है और ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस भी नहीं है। कई ऐसे क्षेत्रीय दल हैं जो न तो एनडीए का हिस्सा हैं और ना ही यूपीए में हैं। ये दल यूपीए में क्यों नहीं है यह सोचने का विषय है।
कांग्रेस की मजबूती के लिए मजबूत यूपीए जरूरी
संप्रग अध्यक्ष को बदले जाने की सलाह देते हुए राउत ने कहा कि कांग्रेस को मजबूत करना है तो यूपीए को मजबूत करना होगा। संप्रग का नेतृत्व किसी ऐसे नेता के पास होना चाहिए जो सक्रिय हो और पूरे देश में उसकी स्वीकार्यता हो। ऐसे नेता का नाम पूछने पर राउत ने कहा कि शरद पवार का नाम मेरे सामने आता है। कांग्रेस को उन्हें स्वीकार करना चाहिए।