इंदौर के सिटी डाकघर मुख्यालय में भुगतान का इंतजार करते बुजुर्ग
- फोटो : Amar Ujala
नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट (nsc) व कई अन्य जमा योजनाओं के संचालन को भी ऑनलाइन करने की मांग हो रही है। डाकघरों के माध्यम से चलाई जाने वाली ये योजनाएं अभी दशकों पुराने ढर्रे पर चल रही हैं। इस कारण बुजुर्गों व नौकरीपेशा लोगों को इसमें निवेश या पुनर्भुगतान प्राप्त करने के लिए बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बुजुर्गों को जहां डाकघरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, वहीं नौकरीपेशा को छुट्टी लेकर डाकघर जाना पड़ता है।
इंदौर के दर्पण चोपड़ा व अन्य ने शहर के डाकघर मुख्यालय में बुजुर्गों को परेशान होते देख पीएमओ, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव, भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और मीडिया संस्थानों को ट्वीट कर इस परेशानी से अवगत कराया। चोपड़ा ने सवाल किया कि जब सरकार सरकारी निकाय ऑनलाइन हो गए हैं, तो डाकघरों के जरिए चलाई जा रही योजनाएं ऑनलाइन क्यों नहीं हैं? क्या हम नौकरीपेशा लोग इन लोकप्रिय बचत योजनाओं में बड़े पैमाने पर किया जाने वाला निवेश बंद कर दें?
चोपड़ा ने मांग की कि इंदौर के सिटी डाकघर में एनएससी की मैच्युरिटी दावे के बुजुर्गों को चक्कर लगाने पड़ते हैं। उन्होंने इसे ऑनलाइन करने और केवाईसी शिकायत को भी ऑनलाइन करने की मांग की। चोपड़ा ने कहा कि 'डिजिटल इंडिया' और 'डिजिटल ट्रांसफार्मेशन' मिशन को देखते हुए वेतनभोगी कर्मचारियों व बुजुर्गों को डाकघरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ना चाहिए। इन मिशन को डाकघरों में भी तेजी से लागू किया जाना चाहिए।
डाक विभाग ने दिया यह जवाब
चोपड़ा की मांग पर डाक विभाग ने कहा है कि शहर के वरिष्ठ डाक अधीक्षक के अनुसार एनएससी की मैच्युरिटी राशि के ऑनलाइन ट्रांसफर की कोई व्यवस्था नहीं है। जमाकर्ताओं को एनएससी की परिपवक्वता राशि का भुगतान प्राप्त करने के लिए डाकघर आना होगा। डाक विभाग जल्द ही ई बैंकिंग की अन्य योजनाओं को भी ऑनलाइन लागू करने पर काम कर रहा है। आवश्यक ढांचे की स्थापना के बाद ये सुविधाएं ऑनलाइन मिलने लगेंगी।
शुरू हो चुका है इंडिया पोस्ट पैमेंट्स बैंक, ऐप से खोलें बचत खाता
डाक विभाग ने
इंडिया पोस्ट पैमेंट्स बैंक की शुरूआत कर दी है। जो लोग तकनीकी सुविधाओं का उपयोग करने में सक्षम हैं, वे इंडिया पोस्ट पेमेन्ट्स बैंक के आईपीपीबी मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वयं के लिए डिजिटल बचत खाता खोल सकते हैं। यह ऐप आपके एंड्राइड फोन में प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोग जिनके पास आधार और पैन कार्ड है, यह खाता खोल सकते हैं। यह खाता घर बैठे ही खोला जा सकता है।