प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराष्ट्रपति एम.वेंकैया नायडू ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर गांधी स्मृति में आयोजित प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री और उपराष्ट्रपति ने गांधी स्मृति में उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रार्थना सभा में कई धर्मों के गणमान्य लोग भी जुटे। इस दौरान यहां भजन कार्यक्रम भी हुआ।
महात्माा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि
इससे पहले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सोनिया गांधी समेत कई नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की है। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजघाट पहुंचे और बापू की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने विजय घाट पहुंच कर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया ने भी राजघाट पहुंच कर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्विटर पर लिखा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी जन्म-जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। पूज्य बापू का जीवन और आदर्श देश की हर पीढ़ी को कर्तव्य पथ पर चलने के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा कि मूल्यों और सिद्धांतों पर आधारित उनका जीवन देशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणाश्रेात बना रहेगा।
इसके अलावा उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू व लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी राजघाट पहुंच कर महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्प अर्पित किए।