महाराष्ट्र के नागपुर शहर में पुलिस ने देह व्यापार के एक रैकेट का भंडाफोड़ किया है। मौके से पुलिस ने एक उज्बेक नागरिक सहित तीन महिलाओं को मुक्त कराया है। वहीं, मुंबई पुलिस ने एक 80 वर्षीय महिला को बंधक बनाकर रखने और उसके बेटे की हत्या करने के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया।
नागपुर पुलिस की अपराध शाखा ने अभियान चलाकर यह कार्रवाई की। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार दोनों आरोपी सेक्स रैकेट संचालित कर रहे थे। पुलिस ने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर दोनों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 10.51 लाख रुपये मूल्य के छह मोबाइल, एक चार पहिया वाहन और अन्य सामान बरामद किया गया। दोनों के खिलाफ सोनेगांव थाने में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
संपत्ति के लिए मां को बनाया बंधक, बेटे की कर दी हत्या
मुंबई पुलिस ने एक 80 वर्षीय महिला को मुक्त कराया है। उसके बेटे की हत्या करने और उनकी संपत्ति हड़पने के मामले में पांच को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घटना का मुख्य आरोपी महिला का करीबी रिश्तेदार है।
चेंबूर पुलिस थाने के अधिकारियों ने महिला को उपनगरीय पवई के एक फ्लैट से मंगलवार को छुड़ाया। चेंबूर पुलिस स्टेशन में एक महिला ने 21 अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई। जिसमें उसने अपनी 80 वर्षीय बहन रोहिणी कांबले और उसके बेटे विशाल कांबले (44) के लापता होने का मामला दर्ज कराया। अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने सबसे पहले उन दो लोगों का पता लगाया, जिन्होंने आखिरी बार विशाल से संपर्क किया था। बाद में कार्रवाई के तहत वडाला और पवई इलाके से पकड़ा। पूछताछ के दौरान उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने 5 अप्रैल को ही विशाल की हत्या कर दी थी और उसकी मां को पवई के एक फ्लैट में बंदी बनाकर रखा।
अधिकारी ने कहा कि मुख्य आरोपी ने अन्य चार को विशाल को मारने और मां-बेटे की संपत्ति पर कब्जा करने की सुपारी दी थी। पुलिस ने बताया कि मां-बेटे को संपत्ति के सौदे के बहाने पनवेल बुलाया गया और वहां से उनका अपहरण कर लिया गया। उन्होंने कहा कि महिला को बेहोश करने की दवा दी गई थी।
मतगणना कक्ष में हंगामा करने के आरोप में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री पर मामला दर्ज
पुलिस ने पूर्व मंत्री और भाजपा नेता विनायकराव पाटिल के खिलाफ राज्य के लातूर जिले के अहमदपुर में मतगणना कक्ष में हंगामा करने का मामला दर्ज किया है। घटना 30 अप्रैल को अहमदपुर कृषि उत्पाद बाजार समिति के लिए हुए मतदान समाप्त होने के बाद हुई। मतगणना जिला परिषद स्कूल में हुई थी।
सहायक निबंधक वसंत घुले रिटर्निंग ऑफिसर थे। उन्होंने कहा कि केवल संबंधित अधिकारियों, पंजीकृत प्रतिनिधियों और नामित पुलिस कर्मियों को ही मतगणना कक्ष में जाने की अनुमति दी गई थी। राज्य के पूर्व मंत्री पाटिल कुछ अन्य लोगों के साथ मतगणना कक्ष में दाखिल हुए। आरोप है कि घुले और मतगणना अधिकारी के साथ उन्होंने मारपीट की। पुलिस ने कहा कि उसने कर्मचारियों को भी धमकी दी। घुले द्वारा दायर शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
टिन शेड में विस्फोट से व्यक्ति की मौत
ठाणे जिले के दहागांव में बुधवार को एक टिन शेड में 32 वर्षीय एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिला। पडघा थाने के सहायक निरीक्षक राजू नरवने ने बताया कि मृतक की पहचान कल्पेश देसले के रूप में हुई है। मृतक ने कुछ महीने पहले टिन शेड में फेब्रिकेशन और वेल्डिंग का काम किया था। उन्होंने कहा कि कुछ कच्चा माल यहां रखा हुआ था। उन्होंने बताया कि शव के पास कुछ तार पाए गए थे, जिससे संकेत मिलता था कि उनकी मृत्यु एक विस्फोट के कारण हुई थी, लेकिन इसके पीछे के कारण का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है।
महाराष्ट्र भाजपा कमेटी से कृपाशंकर सिंह बाहर
महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह को प्रदेश कार्यकारिणी से बाहर कर दिया गया है। सिंह मुंबई के उत्तर भारतीय नेता माने जाते हैं। उनके साथ ही अखिलेश चौबे और श्वेता शालिनी को भी प्रदेश कमेटी में जगह नहीं मिली।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने बुधवार को प्रदेश पदाधिकारियों की सूची जारी की, जिसमें कई उत्तर भारतीय नेताओं के पर कतर दिए गए हैं। महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा की, जिसमें 16 उपाध्यक्ष, 6 महासचिव, 16 सचिव और 64 कार्यकारिणी सदस्य शामिल हैं। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रहे जय प्रकाश सिंह ठाकुर को दोबारा उसी पद पर बहाल किया गया है। वह विधायक व पूर्वमंत्री विद्या ठाकुर के पति हैं। कृपाशंकर सिंह ने कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद भाजपा में शामिल होकर नई राजनीतिक पारी शुरू की थी। हालांकि भाजपा में स्थापित उत्तर भारतीय नेताओं को उनको पार्टी में शामिल करना रास नहीं आया था। लेकिन पार्टी ने कृपाशंकर सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष पद देकर भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा का प्रभारी नियुक्त किया था। नए भाजपा अध्यक्ष बावनकुले ने कार्यकारिणी में आमंत्रित सदस्य बनाकर उनका कद छोटा कर दिया है।