शिवसेना नेता संजय निरुपम आज महाराष्ट्र की दिंडोशी सीट से नामांकन कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा, 'आज मैं दिंडोशी विधानसभा क्षेत्र से महायुति के उम्मीदवार के तौर पर नामांकन भरने जा रहा हूं। मैं पूरे दिंडोशी के सर्वांगीण विकास के लिए दिन-रात काम करूंगा...मैं लोगों की सेवा करने में विश्वास करता हूं।'
वायनाड लोकसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, 'मेरे भाई (राहुल गांधी) की प्रतिष्ठा को धूमिल करने के लिए उनके खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया गया। उस अभियान में बहुत सारा पैसा और बहुत सारे संसाधन डाले गए। एक समय था जब हर कोई उनसे मुंह मोड़ रहा था और उस समय आप सभी ने उनसे प्यार किया, वोट दिया और समर्थन दिया। आज जो कुछ भी हर कोई देख रहा है, वह आपने पहले देखा था...वायनाड के लोगों ने उनके साथ प्यार का रिश्ता बनाया और वह इसके लिए आभारी हैं।'
भाजपा ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए 2 और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। इसके तहत पार्टी ने उमरेड सीट से सुधीर लक्ष्मणराव पारवे और मीरा भाईंदर सीट से नरेंद्र लालचंदजी मेहता को उम्मीदवार बनाया है।
शिवसेना सांसद मिलिंद देवड़ा आज वर्ली विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उन्होंने कहा, 'यह कोई व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है। हमारा उद्देश्य केवल एक है कि हमें वर्ली के मतदाताओं को न्याय दिलाना है। हमें मुंबई और महाराष्ट्र को आगे ले जाना है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे वर्ली के लोगों की समस्याओं को हल करना चाहते हैं।'
कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए संगमनेर विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया।
वहीं NCP-SCP प्रमुख शरद पवार ने कन्हेरी गांव में बारामती विधानसभा क्षेत्र से एनसीपी-एससीपी उम्मीदवार युगेंद्र पवार के साथ हनुमान मंदिर में पूजा की।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने नामांकन दाखिल करने से पहले अपने आवास पर पूजा की। नाना पटोले साकोली सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, 'आज हमारे कई उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया है। हम अच्छे मतों से जीतेंगे। राज्य में फिर से महायुति की सरकार बनेगी।'