15 अक्तूबर को हुई घटना, शनिवार को दर्ज हुआ मामला
आरोपियों में से एक प्राजक्ता धास भाजपा एमएलसी सुरेश धास की पत्नी हैं। घटना 15 अक्तूबर की है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला शनिवार को दर्ज किया गया था। घटना का एक और वीडियो भी वायरल हो रहा है।
राजनीतिक दबाव में लगाए गए मेरी पत्नी पर फर्जी आरोप: भाजपा एमएलसी
इस बीच, सुरेश धास ने दावा किया है कि राजनीतिक दबाव के कारण उनकी पत्नी पर फर्जी आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने कहा, 'महिला (चालीस वर्षीय) पर हमले के बाद मैंने ही पुलिस से शिकायत दर्ज करने को कहा था। जो कुछ हुआ उससे मेरी पत्नी का कोई लेना-देना नहीं है।" उन्होंने कहा कि सच्चाई जल्द ही सामने आ जाएगी।
राज्य महिला आयोग ने दिया शिकायत पर कार्रवाई का निर्देश
इस मामले में अब महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की प्रमुख रूपाली चाकणकर ने भी दखल दिया है और पुलिस को शिकायत पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। शनिवार को चाकणकर ने अपने एक्स हैंडल से एक पोस्ट में कहा, "बीड में एक घटना सामने आई है, जहां जमीन विवाद में एक महिला के साथ दुष्कर्म किया गया और उसे निर्वस्त्र कर दिया गया। जैसे ही मुझे इस घटना के बारे में पता चला, मैंने बीड के पुलिस उपाधीक्षक से पोन पर पूछताछ की। इस बेहद घृणित घटना को लेकर रघु पवार, राहुल जगदाले, प्राजक्ता सुरेश धास के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोग तब तक आगे की कार्रवाई करेगा जब तक महिला को न्याय नहीं मिल जाता।"
हालांकि, बीड पुलिस ने दावा किया कि जब एक टीम को मौके पर भेजा गया था तो महिला ने कहा था कि वह प्राथमिकी दर्ज नहीं करना चाहती है। हालांकि, बाद में उसने पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने उससे फिर से संपर्क किया।
जांच कर रहे उपाधीक्षक रैंक के अधिकारी: पुलिस
एक अधिकारी ने कहा, वह शुक्रवार को अपना बयान दर्ज कराने के लिए पुलिस स्टेशन आई थी, लेकिन वह किसी काम के बहाने चली गईं। हालांकि, शनिवार को महिला फिर से पुलिस स्टेशन आई और आईपीसी और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के तहत यौन उत्पीड़न की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्होंने कहा, 'मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक रैंक के अधिकारी कर रहे हैं। अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है, क्योंकि हम अभी भी घटना के तथ्यों की पुष्टि कर रहे हैं।'