महाराष्ट्र के बीड जिले में विलास घुले हत्याकांड को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। हत्या के चार दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज लोगों ने अंबाजोगाई-अहिल्यानगर महामार्ग जाम कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रहेगा। पुलिस ने इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात किया है। आइए, विस्तार से मामले को जानते हैं...
महाराष्ट्र के बीड जिले में विलास घुले हत्याकांड को लेकर लोगों का गुस्सा अब सड़कों पर उतर आया है। हत्या के चार दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को बड़ा आंदोलन शुरू कर दिया। टाकली गांव के सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
विज्ञापन
टाकली गांव में मंगलवार को तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने केज बंद की घोषणा करते हुए छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर अंबाजोगाई-अहिल्यानगर महामार्ग को जाम कर दिया। बड़ी संख्या में लोग सड़क पर बैठ गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस चार दिन बाद भी आरोपियों को पकड़ने में नाकाम रही है। इस वजह से गांव और आसपास के इलाकों में लोगों में भारी नाराजगी है।
क्या है विलास घुले हत्याकांड?
विलास घुले हत्याकांड की शुरुआत बीती शनिवार रात एक मामूली विवाद से हुई। जानकारी के अनुसार, केज रोड पर स्थित एक होटल के पास कुछ लोगों के बीच झगड़ा और मारपीट हो रही थी। इसी दौरान टाकली गांव के निवासी विलास घुले विवाद को शांत कराने के लिए मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल विलास घुले की मौत हो गई। घटना के बाद से इलाके में तनाव बना हुआ है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और मृतक के परिजनों की मांग है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। उनका कहना है कि पुलिस की कार्रवाई बेहद धीमी है और इससे लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रशासन ने क्या कदम उठाए हैं?
आंदोलन को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए शहर और आंदोलन स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत करने की कोशिश कर रहा है।
विज्ञापन
विलास घुले की हत्या के बाद से टाकली और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।