महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को पुणे के स्वारगेट बस डिपो में एक महिला के साथ दुष्कर्म से जुड़े मामले में वरिष्ठ डिपो प्रबंधक जयेश पाटिल महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम के चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया। इन पर लापरवाही बरतने का आरोप है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने विधानसभा में यह जानकारी दी। गौरतलब है कि 26 वर्षीय स्वास्थ्यकर्मी महिला के साथ 25 फरवरी को एमएसआरटीसी की खड़ी बस में दुष्कर्म हुआ था। आरोपी दत्तात्रेय गडे (37) को गिरफ्तार किया गया है। इसका पहले से ही आपराधिक रिकॉर्ड बताया जा रहा है। सरनाइक ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद वरिष्ठ डिपो मैनेजर जयेश पाटिल, जूनियर डिपो मैनेजर पल्लवी पाटिल, सहायक परिवहन निरीक्षक सुनील येले और सहायक परिवहन अधीक्षक मोहिनी धागे को निलंबित किया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यात्री सुरक्षा में कोताही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। घटना के समय ड्यूटी पर तैनात 22 सुरक्षा गार्डों को तत्काल हटा दिया गया है। डिपो परिसर में सीसीटीवी और लाइटिंग की कमी को गंभीरता से लेते हुए सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।
मुंबई पुलिस ने बचाया अपहृत बच्चा, चार गिरफ्तार
मुंबई के गोरेगांव (पूर्व) इलाके से चार सदस्यीय गिरोह द्वारा बेचने के इरादे से अगवा किए गए 38 दिन के एक बच्चे को पुलिस ने बचा लिया है। साथ ही पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से दो महिलाएं हैं। पुलिस के अनुसार, 2 मार्च को वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर कंबल बेचने वाले एक दंपती ने वनराई पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई कि उनका 38 दिन का बेटा लापता है। अधिकारी ने बताया कि दंपती की पालघर से सटे वसई जाने वाली ट्रेन छूट गई थी और वह सड़क किनारे सो गए थे, जहां से बच्चा लापता हो गया। शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने अपहरण से जुड़े एक व्यक्ति पर ध्यान केंद्रित किया और उसे मलाड (पश्चिम) में पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी व्यक्ति ने अपहृत बच्चे के बारे में जानकारी दी, जिससे उसे बचाया जा सका। बाद में, अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि गिरोह के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि वे अपहृत बच्चे को बेचने की योजना बना रहे थे। मामले की जांच चल रही है।
वाल्मिक कराड के खिलाफ आपराधिक मामलों को फिर से खोलने की मांग
सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने मंगलवार को सरपंच संतोष देशमुख हत्याकांड के मुख्य आरोपी वाल्मिक कराड के खिलाफ दर्ज सभी आपराधिक मामलों को फिर से खोलने की मांग की। उन्होंने कहा कि कराड पर 16 मामले दर्ज थे और उनमें से दो-तीन मामलों को छोड़कर सभी का निपटारा कर दिया गया है। इसलिए, मैं उनके खिलाफ सभी मामलों को फिर से खोलने की मांग करने जा रही हूं। उन्होंने कहा कि निपटाए गए सभी मामलों को फिर से न्यायिक समिति के समक्ष लाया जाना चाहिए। दमानिया ने कहा, 'मैं समिति को पत्र लिखने जा रही हूं और मैंने (मृतक सरपंच के भाई) धनंजय देशमुख से भी ऐसा करने को कहा है।' बता दें कि बीड जिले के मासजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख को पिछले साल दिसंबर में कथित तौर पर एक पवनचक्की कंपनी से पैसे वसूलने के प्रयासों को विफल करने के लिए अगवा कर लिया गया था और उन्हें प्रताड़ित कर मार डाला गया था।
हाउसिंग सोसाइटियों में शराब की दुकानें चलाने के लिए एनओसी अनिवार्य: अजित पवार
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने मंगलवार को कहा कि अगर शराब की दुकानें अपने परिसर में स्थानांतरित करना चाहती हैं तो हाउसिंग सोसाइटियों से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना अनिवार्य होगा। पवार, जो राज्य के वित्त और आबकारी मंत्री भी हैं, ने विधानसभा को यह भी बताया कि 1972 के बाद से राज्य में नई शराब की दुकानें खोलने की अनुमति नहीं दी गई है। आबकारी विभाग को पुरानी दुकानों को नए स्थानों पर स्थानांतरित करने के प्रस्ताव मिलते हैं। फिर इसका सत्यापन किया जाता है और इसके स्थानांतरण को मंजूरी दी जाती है। उन्होंने कहा कि ऐसा करते समय पुलिस की मंजूरी ली जाती है और फिर इस पर निर्णय लिया जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों या नगर निगम की सीमा में, नगर निकाय से एनओसी लेना अनिवार्य है और उसके बाद ही दुकान को मंजूरी दी जाती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्थान के मामले में, ग्राम सभा का प्रस्ताव अनिवार्य है।
पालघर- मंदिर से मूर्ति, चांदी का मुकुट चुराने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक मंदिर में कथित तौर पर सेंध लगाने और मंदिर से एक मूर्ति, एक मुकुट और 15,000 रुपये चुराने के आरोप में 42 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। मामले में जिला पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल ने बताया कि 27 और 28 फरवरी की रात को पिंपल नाका, चिंचनी के पास समुद्र माता मंदिर में चोरी हुई। मंदिर से भगवान शिव की एक चांदी की मूर्ति, एक चांदी का मुकुट और 15,000 रुपये चोरी हो गए। कई इनपुट पर काम करने के बाद पुलिस ने कथित चोर का पता लगाया, जिसकी पहचान बाद में नासिक जिले के सुभाष शीतलप्रसाद केवट के रूप में हुई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल चोरी की गई सभी कीमती वस्तुएं बरामद कर ली गई हैं और आगे की कानूनी कार्यवाही चल रही है।
नागपुर में नाबालिग लड़के का यौन शोषण, केस दर्ज
नागपुर में एक 35 वर्षीय व्यक्ति की तरफ से कथित तौर पर नौ वर्षीय लड़के का यौन शोषण किए जाने के बाद पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। कोतवाली पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि घटना सोमवार दोपहर को हुई जब बच्चा अपने घर के बाहर अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था।
अधिकारी ने एफआईआर का हवाला देते हुए बताया कि, आरोपी ने लड़के को चॉकलेट का लालच दिया और अपने घर ले गया और नाबालिग का यौन शोषण किया। उसने कथित तौर पर उसे इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। लड़का रोता हुआ घर लौटा और अपने माता-पिता को घटना के बारे में बताया, जिन्होंने पुलिस से संपर्क किया। अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
नागपुर- जौहरी ने मक्का व्यापारी पर 2.34 करोड़ रुपये की ठगी का लगाया आरोप
नागपुर के एक जौहरी ने एक व्यापारी पर आरोप लगाया है कि उसने उससे सोने के आभूषण लेकर 2.34 करोड़ रुपये की ठगी की है, लेकिन उसका भुगतान नहीं किया। बुधवार को एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। जौहरी ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपी मक्का व्यापारी ने शुरू में उससे कीमती सामान खरीदा और उसका विश्वास जीतकर तुरंत भुगतान कर दिया। हालांकि, पिछले एक साल में आरोपी ने शिकायतकर्ता से 2.34 करोड़ रुपये के आभूषण लिए, लेकिन भुगतान नहीं किया।
जौहरी ने पुलिस को बताया कि उसने शिकायतकर्ता को कुछ चेक दिए, लेकिन पैसे की कमी के कारण सभी चेक बाउंस हो गए। प्रताप नगर थाने के अधिकारी ने बताया कि जौहरी ने बाद में नकद पैसे मांगे, लेकिन आरोपी ने कथित तौर पर इनकार कर दिया, जिसके बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले को आगे की जांच के लिए आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) को सौंपने पर विचार कर रही है।
ठाणे- 15 हजार की घूस लेने के आरोप में ITDP के दो अधिकारी गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे में 15 हजार रुपये की घूस लेने के आरोप में एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना (आईटीडीपी) के दो अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बताया कि शिकायत दर्ज होने के बाद मंगलवार को वरिष्ठ क्लर्क हरीश मराठे और कनिष्ठ क्लर्क हेमंत किरपाण को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों ने शिकायकर्ता की मां के मेडिकल बिल के भुगतान के लिए रिश्वत की मांग की थी। दावा है कि उन्होंने शुरुआत में 23 हजार रुपये की मांग की थी, लेकिन बाद में 15 हजार लेने पर सहमति बन गई। शिकायतकर्ता के एसीबी से संपर्क किए जाने के बाद टीम ने जाल बिछाया और मराठे की ओर से रिश्वत की रकम लेते हुए किरपाण को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
ठाणे- दोस्त की हत्या करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे शहर से एक व्यक्ति को बुधवार को अपने दोस्त की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। अधिकारी ने बताया कि शील दैघर इलाके के निवासी आरोपी अशरफ रुस्तम मोल्ला ने मंगलवार शाम को जाकिर सहादत मोल्ला का गला रेत दिया, क्योंकि उसे शक था कि पीड़ित का अपनी लिव-इन पार्टनर के साथ संबंध है। शील दैघर पुलिस थाने के निरीक्षक जयंत राजुरकर ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और अशरफ को गिरफ्तार कर लिया।
संतोष देशमुख हत्याकांड: वकील के दावे के बाद नासिक पुलिस चौकन्नी
सरपंच संतोष देशमुख हत्याकांड में वांछित आरोपी कृष्णा अंधाले की तलाश में पुलिस जुट गई है। नासिक शहर के एक वकील ने बुधवार को उसे मोटरसाइकिल पर देखे जाने का दावा किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि वे बाइक सवार का पता लगाने के लिए गंगापुर रोड इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं।
पुलिस ने तब कार्रवाई शुरू की जब वकील गीतेश बनकर ने दावा किया कि उसने सुबह करीब 9:15 बजे गंगापुर रोड के सहदेव नगर में एक मंदिर के पास आरोपी कृष्णा अंधाले को देखा। वकील गीतेश बनकर ने एक समाचार चैनल से कहा, 'मैंने दो लोगों को एक पेड़ के पास खड़े देखा। उनमें से एक के माथे पर तिलक लगा था और उसने मास्क पहना हुआ था। जब उसने एक पल के लिए मास्क नीचे किया तो मैंने देखा कि वह कृष्णा अंधाले है। वह तुरंत बाइक पर सवार होकर वहां से चला गया।'
ऑनलाइन निवेश घोटाले में जिला न्यायाधीश ने गंवाए 13.5 लाख रुपये
नागपुर पुलिस ने बुधवार को बताया कि नागपुर के एक न्यायाधीश ने एक निवेश मंच के माध्यम से किए गए ऑनलाइन निवेश घोटाले में 13.5 लाख रुपये गंवा दिए, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। पुलिस के अनुसार, कई निवेशकों को मुख्य रूप से फर्म ने धोखा दिया, जिसने लोगों को उच्च रिटर्न का लालच दिया। पुलिस को संदेह है कि यह एक पोंजी स्कीम घोटाला था, जिसमें धोखेबाज आमतौर पर लोगों को 8 प्रतिशत से 28 प्रतिशत रिटर्न का लालच देते हैं और फिर उनका पैसा लेकर गायब हो जाते हैं।
अंबाझरी पुलिस थाने के अधिकारियों ने बताया कि इस घोटाले के पीड़ितों में जिला एवं सत्र न्यायालय के न्यायाधीश कपेश विजय मोरे भी शामिल हैं, जिन्होंने 13.5 लाख रुपये गंवा दिए। पुलिस ने फाल्कन इनवॉइस डिस्काउंटिंग के प्रबंध निदेशक अमरदीप कुमार और कैपिटल प्रोटेक्शन फोर्स प्राइवेट लिमिटेड के निजी बैंक खाते का संचालन करने वाले एक उपयोगकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शिवसेना सांसद नरेश म्हास्के की मांग- औरंगजेब की कब्र को नष्ट किया जाए
शिवसेना के एक सदस्य ने बुधवार को लोकसभा में महाराष्ट्र के खुल्दाबाद में मुगल शासक औरंगजेब की कब्र को नष्ट करने की मांग की। शून्यकाल के दौरान इस मुद्दे को उठाते हुए शिवसेना सदस्य नरेश म्हास्के ने कहा कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की तरफ से संरक्षित 3,691 स्मारकों और कब्रों में से 25 प्रतिशत मुगल और ब्रिटिश अधिकारियों की हैं, जिन्होंने देश की संस्कृति और परंपराओं के खिलाफ काम किया।
शिवसेना सांसद ने कहा कि औरंगजेब ने छत्रपति संभाजी की हत्या की और हिंदू मंदिरों को नष्ट और लूटा। उन्होंने कहा कि औरंगजेब, जिसने नौवें और दसवें सिख गुरुओं की भी हत्या की थी, खुल्दाबाद में एक कब्र में दफन है, जिसे एएसआई द्वारा संरक्षित किया गया है। ठाणे संसदीय क्षेत्र से लोकसभा सदस्य ने कहा, 'औरंगजेब जैसे क्रूर व्यक्ति के स्मारक को संरक्षित करने की क्या जरूरत है? औरंगजेब और भारत के खिलाफ काम करने वाले सभी लोगों के स्मारकों को नष्ट कर दिया जाना चाहिए।'
मुंबई में होली पर करीब 11,000 पुलिसकर्मी होंगे तैनात
मुंबई की सड़कों पर पैदल चलने वालों पर रंगीन पानी और गुब्बारे फेंकने या रंग-बिरंगे पानी का छिड़काव करने और शराब के नशे में झगड़ों जैसी गतिविधियों पर पुलिस कड़ी निगरानी रखेगी। होली का त्योहार सुरक्षित और घटना-मुक्त मनाने के लिए 11,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि 12 और 18 मार्च के दौरान सार्वजनिक रूप से अश्लील शब्द और नारे लगाना या अश्लील गीत गाना प्रतिबंधित है। पुलिस ने इशारों या नकल करने वाले चित्रण, तैयारियों और चित्रों, प्रतीकों, तख्तियों या अन्य वस्तुओं के प्रदर्शन या प्रसार पर भी रोक लगाई है, जो गरिमा और शालीनता या नैतिकता को ठेस पहुंचा सकते हैं।
गुरुवार शाम को पूरे महाराष्ट्र में होली की होलिका जलाई जाएगी, उसके बाद अगले दिन रंगों का मुख्य त्यौहार मनाया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि 9,145 पुलिस कांस्टेबल और 1,767 पुलिसकर्मी होली के त्यौहार पर तैनात रहेंगे। अप्रिय घटनाओं से बचने के लिए पूरे महानगर में पुलिस अधिकारियों को तैनात किया जा रहा है। 51 सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी), 19 पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) और 7 अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सुरक्षा व्यवस्था की चौबीसों घंटे निगरानी करेंगे। राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ) और दंगा नियंत्रण पुलिस (आरसीपी) की एक-एक प्लाटून को त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी), बम डिटेक्शन और डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीडीएस) और होमगार्ड के जवानों के साथ महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा नाकेबंदी करेगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों और सड़क यातायात उल्लंघन से बचने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। अधिकारी ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हंगामा करने वालों या महिलाओं और बच्चों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। पैदल चलने वालों पर रंगीन पानी, रंग, पाउडर या रंगों से भरे गुब्बारे छिड़कना या फेंकना भी प्रतिबंधित है।