फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: शिवसेना विधायक ने राकांपा सांसद तटकरे को औरंगजेब कहा; ठाणे में महिला और सास हत्या के आरोप से बरी

Fri, 07 Mar 2025 06:52 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
शिवसेना विधायक महेंद्र थोरवे ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के सांसद सुनील तटकरे को मुगल बादशाह औरंगजेब करार देते हुए रायगढ़ के प्रभारी मंत्री के पद को लेकर महाराष्ट्र के सत्तारूढ़ गठबंधन में दोनों दलों के बीच बढ़ती दरार की ओर इशारा किया। रायगढ़ के विधायक थोरवे ने बुधवार को अलीबाग में एक कार्यक्रम में कहा कि तीसरे अंपायर (मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की ओर इशारा) ने रायगढ़ के प्रभारी मंत्री पद के फैसले पर रोक लगा दी क्योंकि यह गलत था। राकांपा और शिवसेना दोनों रायगढ़ के प्रभारी मंत्री पद के लिए दौड़ में हैं। फडणवीस ने महिला और बाल विकास मंत्री तथा राकांपा नेता अदिति तटकरे को जिले का प्रभारी मंत्री नियुक्त किया था। हालांकि, रायगढ़ के महाड का प्रतिनिधित्व करने वाले रोजगार गारंटी मंत्री भरत गोगावाले भी जिले के प्रभारी मंत्री बनने की आकांक्षा रखते थे। शिवसेना की नाराजगी के बाद फडणवीस ने फैसले पर रोक लगा दी।
विज्ञापन


महिला और सास को हत्या के आरोप से बरी किया
ठाणे शहर की एक सत्र अदालत ने सबूतों के अभाव का हवाला देते हुए 2017 में हत्या करने के आरोपी एक महिला और उसकी सास को बरी कर दिया है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ए एन सिरसीकर ने कहा कि अभियोजन पक्ष दो महिलाओं, जिनकी पहचान सविता संतोष जाधव (46) और उनकी सास वत्सला बबन जाधव (67) के रूप में हुई है, के खिलाफ आरोप साबित करने में विफल रहा है। 4 मार्च के आदेश की प्रति शुक्रवार को उपलब्ध कराई गई।

रेलवे में नौकरी के नाम पर ठगने के आरोप में महिला के खिलाफ मामला
ठाणे जिले में रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से 3.2 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कल्याण पुलिस के अनुसार महिला (42) ने शिकायतकर्ता को भारतीय रेलवे में ‘हेल्पर’ के पद पर नौकरी दिलाने का वादा किया था और इसके लिए उससे पांच लाख रुपये की मांग की थी। अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता और महिला कल्याण स्थित एक होटल में मिले और शिकायतकर्ता ने उसे अग्रिम भुगतान के तौर पर करीब 3.2 लाख रुपये दिए।
विज्ञापन


शिवाजी महाराज से जुड़े 12 किलों को लेकर प्रस्तुति दी गई
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र की संस्था- यूनेस्को महाराष्ट्र सरकार की उस प्रस्तुति से संतुष्ट है, जिसमें प्रदेश के 12 किलों को वैश्विक धरोहर सूची में शामिल किए जाने की योग्यता से जुड़े प्रमाण दिए गए। सीएम फडणवीस ने कहा कि यूनेस्को के समक्ष छत्रपति शिवाजी महाराज से जुड़े 12 किलों को लेकर प्रस्तुति दी गई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को पूरा विश्वास है कि सभी 12 किलों को यह प्रतिष्ठित टैग मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्रपति शिवाजी महाराज के 12 किलों को यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल सूची में शामिल करने के लिए नामित किया है। मंत्री आशीष शेलार के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल पेरिस गया और प्रस्ताव प्रस्तुत किया। अब वे मई में यूनेस्को के समक्ष खुद दूसरी प्रस्तुति देंगे। बता दें कि महाराष्ट्र सरकार के प्रस्ताव में महाराष्ट्र के रायगढ़, राजगढ़, प्रतापगढ़, पन्हाला, शिवनेरी, लोहागढ़, सालहेर, सिंधुदुर्ग, सुवर्णदुर्ग, विजयदुर्ग, खंडेरी और तमिलनाडु के जिंजी के किले शामिल किए गए हैं।

चचेरे भाई धनंजय मुंडे से बहन पंकजा की मुलाकात
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे चुके राकांपा नेता धनंजय मुंडे इस समय प्रदेश की राजनीति में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। ताजा घटनाक्रम में भाजपा नेत्री पंकजा मुंडे अपने चचेरे भाई से मुंबई में मुलाकात करने पहुंचीं। बता दें कि बीड जिले में एक गांव के सरपंच की हत्या के बाद धनंजय पर लगातार इस्तीफा देने का दबाव बन रहा था। पुलिस ने धनंजय के करीबी सहयोगी को मुख्य आरोपी बनाया है। इसके बाद उन्हें पद छोड़ना पड़ा। पिछले महीने धनंजय मुंडे ने खुलासा किया था कि वे बेल्स पाल्सी नामक न्यूरोलॉजिकल बीमारी से पीड़ित हैं। इसमें चेहरे के एक तरफ अचानक कमजोरी आ जाती है। कुछ दिन पहले ही पूर्व मंत्री ने आंख की सर्जरी भी कराई थी। पंकजा और धनंजय की मुलाकात पर पंकजा मुंडे के कार्यालय ने बताया, वह अपने चचेरे भाई से मिलने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने गई थीं।

फडणवीस बोले- मैं उद्धव ठाकरे नहीं हूं जो चल रही परियोजनाओं को रोक दूं
महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को शिवसेना (उद्धव) पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि मैं कोई उद्धव ठाकरे नहीं हूं, जो चल रही परियोजनाओं को रोक दूं। जब पूर्व महायुति सरकार में एकनाथ शिंदे सीएम थे तो सारे निर्णय वे अकेले नहीं लेते थे। यह मेरी और अजित पवार की भी जिम्मेदारी थे। महायुति सरकार में भाजपा, एनसीपी और शिवसेना अकेले निर्णय नहीं लेते हैं, यहां समन्वय से निर्णय लिए जाते हैं। 
विज्ञापन

बंद नहीं होगी लाडकी बहिन योजना: फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि लाड़की बहन योजना जारी रहेगी। राज्य सरकार योजना के तहत दी जाने वाली वित्तीय सहायता लाभार्थियों तक पहुंचाने पर काम कर रही है। विधानसभा में सीएम ने कहा कि लाडकी बहन योजना को खत्म नहीं किया जाएगा। सरकार के बजट-पूर्व आर्थिक सर्वेक्षण में उल्लेख किया गया है कि दिसंबर 2024 तक लड़की बहन योजना की 2.38 करोड़ महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में 17,505.90 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की गई है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने छत्रपति शिवाजी महाराज और अहिल्याबाई होल्कर की भी प्रशंसा की और कहा कि उन्होंने सभी को दिखाया कि राजशाही के युग में कल्याणकारी राज्य कैसे चलाए जाते हैं?

शिवसेना एमएलसी से की माफी मांगने की मांग
शिवसेना (उद्धव) के एमएलसी अनिल परब ने खुद की तुलना मराठा राजा छत्रपति संभाजी महाराज से की। इस पर शुक्रवार को महाराष्ट्र परिषद में सत्तारूढ़ महायुति विधायकों ने आक्रोश जताया। उन्होंने एमएलसी से माफी की मांग की। सदन में हंगामे के बाद परिषद की कार्यवाही तीन बार स्थगित की गई।
जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो भाजपा एमएलसी प्रवीण दारकेकर ने कहा कि एमएलसी परब ने गुरुवार को परिषद में अपने भाषण में खुद की तुलना छत्रपति संभाजी से की थी और उनसे माफी की मांग की।

राज्य के बंदरगाह और मत्स्य मंत्री नितेश राणे ने कहा कि एक क्लर्क की तुलना छत्रपति संभाजी से नहीं की जा सकती। विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने कहा कि अगर परब की टिप्पणी से किसी को ठेस पहुंची है तो वह शिवसेना (यूबीटी) के नेता के तौर पर इस पर खेद व्यक्त करते हैं।
एमएलसी परब ने अपने बचाव में कहा कि अगर अध्यक्ष को लगता है कि उनकी टिप्पणी से किसी को ठेस पहुंची है तो उसे हटाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि मैंने केवल यह टिप्पणी की थी कि जिस तरह छत्रपति संभाजी को धर्म परिवर्तन के लिए प्रताड़ित किया गया था, उसी तरह उन्हें भी अपनी पार्टी बदलने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें