महिला आरक्षण - सीएम फडणवीस बोले- विपक्ष की पिछड़ी सोच
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महिलाओं को 33% आरक्षण देने वाले बिल को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की पिछड़ी सोच की वजह से यह अहम बिल पास नहीं हो पाया और महिलाओं को मिलने वाला बड़ा हक रुक गया। मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान फडणवीस ने बताया कि उनकी सरकार और महायुति गठबंधन अब पूरे राज्य में बड़ा अभियान चलाएंगे। इस अभियान के तहत महिलाओं से एक करोड़ हस्ताक्षर जुटाए जाएंगे, ताकि जनता का समर्थन दिखाया जा सके और विपक्ष के रुख को उजागर किया जा सके।
उन्होंने कहा कि 17 अप्रैल का दिन देश के लिए ऐतिहासिक बन सकता था, क्योंकि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जरिए संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण देने का रास्ता साफ होना था। लेकिन विपक्ष ने इस मौके को गंवा दिया। सीएम फडणवीस ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि उन्होंने महिलाओं के अधिकारों का गला घोंटने जैसा काम किया है। उनका कहना था कि अगर सरकार के पास दो-तिहाई बहुमत होता, तो विपक्ष इस बिल का विरोध नहीं करता, लेकिन संख्या कम होने का फायदा उठाकर उन्होंने इसे रोक दिया। मुख्यमंत्री ने यह भी साफ किया कि उनकी सरकार महिलाओं के अधिकारों के लिए लगातार काम करती रहेगी और इस मुद्दे को जनता के बीच लेकर जाएगी।