महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन (भाजपा, शिवसेना और एनसीपी) के पांच उम्मीदवारों को महाराष्ट्र विधान परिषद के लिए निर्विरोध चुना गया है। विपक्षी दलों ने 27 मार्च को होने वाले सदन के उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार नहीं उतारे, जिसके बाद भाजपा के संदीप जोशी, संजय केनेकर और दादाराव केचे, शिवसेना नेता चंद्रकांत रघुवंशी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रत्याशी संजय खोडके विधानमंडल के उच्च सदन के लिए निर्विरोध चुन लिए गए।
विज्ञापन
दो पूर्व विधायक डिप्टी सीएम शिंदे की शिवसेना में शामिल
महाराष्ट्र में पूर्व विधायकों- संजय कदम और भाऊसाहेब पाटिल चिकटगांवकर ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का दामन थाम लिया है। दापोली के पूर्व विधायक कदम 2024 के चुनावों में शिवसेना मंत्री योगेश कदम के खिलाफ चुनाव हार गए थे। उनका प्रतिद्वंद्वी शिवसेना खेमे में शामिल होने को कोंकण क्षेत्र में ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) के लिए झटका माना जा रहा है। बता दें कि पूर्व विधायक राजन साल्वी इस साल की शुरुआत में शिंदे खेमे में चले गए थे। दोनों के जुड़ने पर डिप्टी सीएम शिंदे ने कहा कि कदम के शिवसेना खेमे में आने से दापोली निर्वाचन क्षेत्र का तेजी से विकास होगा। उनके अलावा चिकटगांवकर ने बतौर राकांपा विधायक (अविभाजित) वैजापुर सीट पर चुनाव जीत चुके हैं। शिवसेना (यूबीटी) के पूर्व पार्षद अंजलि नाइक, उमेश माने और लोचना चव्हाण भी शिवसेना में शामिल हुए। शिंदे ने कहा, इनके प्रवेश से मुंबई में शिवसेना संगठन मजबूत होगा।
122 करोड़ के सहकारी बैंक घोटाले में भाजपा नेता का भाई गिरफ्तार
न्यू इंडिया कोऑपरेटिव बैंक में 122 करोड़ के घोटाला मामले में मुंबई पुलिस ने महाराष्ट्र भाजपा के पूर्व सचिव हैदर आजम के छोटे भाई जावेद आजम को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उन्हें सोमवार देर शाम गिरफ्तार किया और मंगलवार को कोर्ट में पेश किया, जहां उसे 24 मार्च तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया। जावेद आजम पर आरोप है कि उसे भी 15 करोड़ रुपये का लाभ मिला था। न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक में 12 फरवरी को सामने आए इस घोटाले में यह सातवीं गिरफ्तारी है।
बॉम्बे हाईकोर्ट ने अनधिकृत मस्जिद गिराने में नाकाम अफसरों को लगाई फटकार
कानून पर अमल कराने के जिम्मेदार अधिकारियों के लिए नागरिकों के दिमाग में यह बात बैठाना जरूरी है कि कानून का उल्लंघन कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बॉम्बे हाईकोर्ट ने यह टिप्पणी एक अनधिकृत मस्जिद ध्वस्त करने में विफल रहने पर ठाणे नगर निगम के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए की। जस्टिस एएस गडकरी और कमल खता की खंडपीठ ने हाल में सुनवाई के दौरान निगम की यह दलील स्वीकारने से इन्कार कर दिया कि भीड़ के कड़े विरोध के कारण अनधिकृत ढांचा ढहाने का काम पूरा नहीं हो पाया। हाईकोर्ट ने कहा, लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी व्यक्ति/व्यक्तियों के समूह या संघ को यह कहने की भी अनुमति नहीं दी जा सकती कि वह देश के कानून का पालन नहीं करेगा और किसी भी आधार पर इसका विरोध करेगा। कानून का पालन कराना संबंधित अधिकारियों का कर्तव्य है। कोर्ट ने ठाणे नगर निगम को रमजान महीना पूरा होने के दो हफ्ते के भीतर अवैध ढांचे को ध्वस्त करने के निर्देश दिए हैं।
महाराष्ट्र के पुणे में दर्दनाक हादसा
कंपनी की बस में लगी आग, जलकर चार कर्मचारियों की मौत, छह घायल
पुणे सिटी के पास ग्राफिक डिजाइनिंग कंपनी की मिनी बस में आग लगने से चार कर्मचारियों की जलकर मौत हो गई। जबकि छह कर्मचारी घायल हो गए। हादसे के दौरान बस का आपातकालीन निकास दरवाजा नहीं खुला। बस व्योमा ग्राफिक के 14 कर्मचारियों को वार्जे से हिजेनवाड़ी लेकर जा रही थी। हादसे में शंकर शिंदे, राजन चव्हाण, गुरुदास लोकारे और सुभाष भोसले की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक सुपरवाइजर, प्रिंटिंग मशीन ऑपरेटर, कोरियर कर्मी और पेपर कटर ऑपरेटर थे।
महाराष्ट्र विधान परिषद में सुनीता विलियम्स को बधाई देते हुए प्रस्ताव पेश
महाराष्ट्र विधान परिषद में सुनीता विलियम्स के धरती पर वापस लौटने की खुशी में एक प्रस्ताव पेश किया गया, जिसमें सुनीता विलियम्स को बधाई दी गई। सुनीता विलियम्स नौ महीने अंतरिक्ष में गुजारने के बाद बुधवार तड़के धरती पर सुरक्षित वापस पहुंचीं।
युवक की हत्या करने वाला आरोपी पकड़ा
मुंबई के सांताक्रूज (पूर्व) में रोड रेज की घटना के दौरान कंक्रीट के ब्लॉक से हमला करके एक व्यक्ति की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी अहमद अंसारी ने रविवार को ओमप्रकाश माहुल शर्मा (41) को पेवर ब्लॉक से कथित तौर पर मारा था। अधिकारी ने कहा कि अंसारी अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से जा रहा था अचानक शर्मा के सामने रुक गया। दोनों में बहस हुई। इसके बाद दंपती ने शर्मा पर हमला कर दिया। अंसारी ने कथित तौर पर सड़क से एक पेवर ब्लॉक उठाया और शर्मा के चेहरे पर कई बार मारा। शर्मा को कुछ राहगीर अस्पताल ले गए और इलाज के बाद उन्हें घर जाने दिया गया। सोमवार को ओमप्रकाश शर्मा बेहोश हो गए। अधिकारी ने कहा कि उसे फिर से अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पहले अंसारी पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। इसके बाद अंसारी को गिरफ्तार किया गया।