फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: हत्या मामले में शख्स को आजीवन कारावास; नागपुर हिंसा में घायल इरफान अंसारी की इलाज के दौरान मौत

Sat, 22 Mar 2025 12:25 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

महाराष्ट्र के ठाणे जिले की एक अदालत ने 2016 में एक व्यक्ति की हत्या के जुर्म में 30 वर्षीय व्यक्ति को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश एएन सिरसीकर ने आरोपी अजय लालबहादुर विश्वकर्मा को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत दोषी ठहराया और उसे आजीवन कारावास और पांच साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई।

विज्ञापन


अदालत ने आदेश दिया कि ये सजाएं एक साथ चलेंगी। हालांकि, अदालत ने मामले में सह-आरोपी संजय फिरतलाल गौतम को उसके खिलाफ निर्णायक सबूतों के अभाव का हवाला देते हुए बरी कर दिया। गुरुवार को पारित आदेश की एक प्रति शनिवार को उपलब्ध कराई गई। अतिरिक्त लोक अभियोजक रेखा हिवराले ने अदालत को बताया कि 27 जुलाई 2016 को पीड़ित जय प्रजापति अपने पिता को यह बताकर लापता हो गया था कि वह भयंदर रेलवे स्टेशन पर है।

नागपुर हिंसा में घायल इरफान अंसारी की इलाज के दौरान मौत
नागपुर में 17 मार्च को रेलवे स्टेशन जाते समय 38 वर्षीय इरफान अंसारी पर हमला किया गया था। इलाज के दौरान इरफान ने मेयो अस्पताल में दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रशासन ने इसकी पुष्टि की और बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है।
विज्ञापन


हिंसा के बाद पहली बार नागपुर पहुंचे सीएम फडणवीस 
महाराष्ट्र के नागपुर में बीते 17 मार्च को हुई हिंसा के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पहली बार नागपुर दौरे पर पहुंचे हैं। शुक्रवार देर शाम नागपुर पहुंचे फडणवीस के कार्यक्रम के बारे में सूत्रों ने बताया कि वह शनिवार को शहर के दंगा प्रभावित इलाकों का दौरा कर सकते हैं। इसके बाद मीडिया से भी बातचीत हो सकती है। इसके अलावा उनका कोई सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं है। बता दें कि 17 मार्च को नागपुर के कई हिस्सों में पथराव और आगजनी हुई। सोमवार को हुई इस हिंसा के दौरान पुलिस उपायुक्त स्तर के तीन अधिकारियों सहित 33 पुलिसकर्मी घायल हुए। तनाव और संवेदनशील हालात को देखते हुए पुलिस ने बेमियादी कर्फ्यू लगा दिया। दो समुदायों के बीच तनाव से जुड़े इस मामले में जांच के दौरान बांग्लादेश का कथित कनेक्शन भी सामने आया है। इस मामले में 17 आरोपियों को 22 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इस घटना पर सरकार का रूख स्पष्ट करते हुए सीएम फडणवीस ने विधानसभा में आश्वासन दिया था कि हिंसा में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

अदाणी को धारावी में जमीन देने के मामले में सरकार ने दिया यह जवाब
राज्य की एक अन्य अहम घटना अरबपति उद्योगपति गौतम अदाणी से जुड़ी है। सरकार ने साफ किया है कि अदाणी को मुंबई के धारावी में जमीन नहीं दी गई है। मंत्री आशीष शेलार ने शुक्रवार को कहा, धारावी पुनर्विकास परियोजना मुंबई की एकमात्र परियोजना है जो शहर की झुग्गियों में रहने वाले लोगों को पक्का मकान देने के लिए बनाई गई है। इसमें अपात्र लोगों को भी घर देने का फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि धारावी में गौतम अदाणी को एक इंच भी जमीन नहीं दी गई है। विधानसभा में प्रदेश के बुनियादी ढांचे से जुड़े एक सवाल पर शेलार ने कहा, 'यह दावा किया जा रहा है कि धारावी की जमीन अदानी को दे दी गई है, ये पूरी तरह झूठा और भ्रामक है। आरोप लगाने वालों को पता होना चाहिए कि धारावी की सारी जमीन धारावी पुनर्विकास प्राधिकरण की है। इस इकाई को राज्य सरकार ने बनाया है।' उन्होंने कहा कि डीआरपीपीएल (धारावी पुनर्विकास परियोजना प्राइवेट लिमिटेड) ठेकेदार है। इसे पुनर्विकास का काम सौंपा गया है और समझौते के अनुसार, ठेकेदार के मुनाफे का 20 प्रतिशत हिस्सा राज्य सरकार को मिलेगा। शेलार ने बताया कि धारावी की कुल 430 एकड़ भूमि में से 37 प्रतिशत भूमि खेल के मैदानों और मनोरंजन गतिविधियों के लिए खुली जगहों के तौर पर विकसित की जाएगी। यहां की लगभग 50 प्रतिशत भूमि बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) की है। अन्य भागों पर राज्य और केंद्र सरकार का स्वामित्व है।

MIDC परिसर में लगी भीषण आग, दमकलकर्मी पहुंचे
महाराष्ट्र के शिरावने में महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (MIDC) क्षेत्र में भीषण आग लगने की खबर है। सूचना मिलते ही दमकलकर्मियों को बड़ी संख्या में मौके पर भेजा गया। इस संबंध में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है। फिलहाल, जान-माल के नुकसान और आग लगने के कारणों का पता नहीं लगा है।

कोंकण रेलवे की समस्या पर रेल मंत्री से मिले सांसद पाटिल
महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद धैर्यशील पाटिल ने संसद भवन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। पाटिल ने रायगढ़ निवासियों की रेलवे समस्याओं के समाधान के लिए एक ज्ञापन भी सैंपा। उन्होंने पेन रेलवे स्टेशन पर दिवा-सावंतवाड़ी-दिवा और अन्य उच्च गति वाली ट्रेनों के ठहराव, यात्री यातायात में वृद्धि को ध्यान में रखते हुए पेन रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण और बुनियादी ढांचे के विकास, और कोंकण क्षेत्र के लिए कनेक्टिविटी और सुविधा को बढ़ाने के लिए रेलवे सेवाओं में सुधार की मांग की। रेल मंत्री ने उन्हें शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया और कोंकण क्षेत्र और रायगढ़ जिले में रेलवे नेटवर्क के समग्र विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। इस बीच सांसद पाटिल ने कुंभ मेले के लिए देश भर में रेलवे सेवाओं में निरंतर सुधार के लिए रेल मंत्री को बधाई दी। वैष्णव ने रायगढ़ के लोगों की वकालत करने में पाटिल के सक्रिय प्रयासों की सराहना की। उल्लेखनीय है कि कोंकण रेलवे महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों के लिए परिवहन की रीढ़ है, जो यात्रा, व्यापार और पर्यटन को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसकी अहमियत रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले हजारों लोगों के दैनिक जीवन तक फैली हुई है। इसका आधुनिकीकरण और विकास स्थानीय प्रतिनिधियों और सरकार की प्राथमिकता है।

पालघर: पालघर में 2 लाख की रिश्वत लेते जूनियर इंजीनियर गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पालघर जिले में एंटी-करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने सरकारी बिजली वितरण कंपनी एमएसईडीसीएल के एक जूनियर इंजीनियर अतुल अशोक अव्हाड (42) को 2 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। घटना दहानू उप-मंडल के आशागांव की है। अव्हाड ने एक पशुशाला मालिक से बिजली चोरी के आरोप में कार्रवाई रोकने के लिए 3 लाख रुपये की मांग की थी। एसीबी के डीएसपी हर्षल चव्हाण के अनुसार, शिकायत मिलने पर एजेंसी ने जाल बिछाया और अव्हाड को बृहस्पतिवार को रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया।

नागपुर: हेडगेवार स्मारक की रेकी के आरोपी को नहीं मिली जमानत
बाॅम्बे हाईकोर्ट की नागपुर पीठ ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के उस व्यक्ति को जमानत देने से इन्कार कर दिया, जिस पर जैश-ए-मोहम्मद का आतंकी होने और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ केबी हेडगेवार के नागपुर स्थित स्मारक की रेकी करने का आरोप है। रईस अहमद शेख असदुल्ला शेख को 15 सितंबर, 2021 को हेडगेवार स्मृति मंदिर की टोह लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। जस्टिस नितिन सूर्यवंशी और जस्टिस प्रवीण पाटिल की खंडपीठ ने जमानत याचिका खारिज कर दी। एजेंसी

सतारा: मंत्री पर उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला जबरन वसूली में पकड़ी गई
महाराष्ट्र के मंत्री जयकुमार गोरे पर उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला को कथित तौर पर जबरन वसूली करने को लेकर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पश्चिमी महाराष्ट्र के सतारा जिले के मान विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले गोरे ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री हैं। एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार महिला की पहचान अभी उजागर नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि उसे सतारा से गिरफ्तार किया गया है। अधिकारी ने बताया, महिला ने मामला रफा-दफा करने के लिए तीन करोड़ रुपये मांगे थे।

गिरफ्तारी से पहले जमानत के लिए फर्जी दस्तावेज पेश करने के आरोप में मामला दर्ज
महाराष्ट्र के ठाणे जिले की एक अदालत में गिरफ्तारी पूर्व जमानत याचिका के साथ कथित रूप से फर्जी और झूठे दस्तावेज पेश करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि अदालत के एक अधिकारी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुरुवार को कृष्णा पीनूरकर के खिलाफ धारा 318(4) (छद्मवेश धारण करके धोखाधड़ी), 336(2) (जालसाजी), 227 (झूठे साक्ष्य देना) और भारतीय न्याय संहिता के अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस के अनुसार, कथित आरोपी ने 18 फरवरी को अग्रिम जमानत के लिए आवेदन किया था और आवेदन के साथ हलफनामा और अन्य प्रासंगिक दस्तावेज संलग्न किए थे। अधिकारी ने बताया कि सत्यापन के दौरान दस्तावेज फर्जी और जाली पाए गए।
विज्ञापन

जनता नहीं, नेताओं ने फैलाया जातिवाद: गडकरी
केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता नितिन गडकरी ने शनिवार को जातिवाद पर चौंकाने वाला बयान दिया। उन्होंने कहा कि देश की जनता जातिवादी नहीं, बल्कि राजनीतिक नेता स्वार्थ के लिए ऐसा करते हैं। एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा, पिछड़ापन राजनीतिक हित बन गया है। अब होड़ लगी है कि कौन ज्यादा पिछड़ा है। गडकरी ने सामाजिक असमानता खत्म करने पर जोर देते हुए कहा, जातिगत भेदभाव समाप्त होना चाहिए और यह प्रक्रिया स्वयं से शुरू करनी होगी। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब भाजपा नेताओं पर समाज को बांटने का आरोप लग रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें