मुंबई वाटर टैंकर्स एसोसिएशन ने सोमवार को अपनी अनिश्तिकालीन हड़ताल खत्म करने का एलान कर दिया। जिसके बाद महानगर में बीते कई दिनों से चल रहा पानी का संकट भी खत्म हो गया। हड़ताल खत्म होते ही पानी की सप्लाई शुरू हो गई। बीएमसी द्वारा टैंकरों को पानी की आपूर्ति करने वाले निजी कुओं के मालिकों को नोटिस जारी करने के बाद एसोसिएशन ने 10 अप्रैल को हड़ताल शुरू की थी। इस कदम से आवासीय सोसाइटियों, रेलवे और निर्माण परियोजनाओं सहित अन्य को पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई। इसके बाद, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री के निर्देशों के बाद कुओं और बोरवेल मालिकों को जारी किए गए नोटिस 15 जून तक के लिए स्थगित कर दिए गए।
मुंबई एयरपोर्ट पर यात्री के पेट से 7.85 करोड़ की कोकीन बरामद
मुंबई सीमा शुल्क विभाग ने छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर युगांडा के एक यात्री से 785 ग्राम कोकीन जब्त की है। इसका बाजार मूल्य करीब 7.85 करोड़ रुपये आंका गया है। अधिकारियों के मुताबिक, यात्री ने मादक पदार्थ को अपने पेट में छिपाया हुआ था। एक अधिकारी ने बताया कि 9 अप्रैल की रात संदिग्ध व्यवहार के आधार पर यात्री को रोका गया। पूछताछ के दौरान वह बेचैन नजर आया और उसने स्वीकार किया कि उसने कई गोलियां निगल ली थीं। मेडिकल जांच में पेट से 785 ग्राम वजन की गोलियां मिलीं, जिनमें सफेद पाउडर (कोकीन) भरा था। मेडिकल प्रक्रिया के बाद रविवार को मादक पदार्थ को बाहर निकाला गया। युगांडा के नागरिक को एनडीपीएस कानून के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।
उदयनराजे भोसले का प्रस्ताव: राजभवन में बने छत्रपति शिवाजी महाराज का स्मारक
महाराष्ट्र के भाजपा सांसद उदयनराजे भोसले ने सोमवार को कहा कि अगर राज्यपाल का आवास कहीं और शिफ्ट किया जाए, तो मुंबई के राजभवन में छत्रपति शिवाजी महाराज का स्मारक बनाया जाना चाहिए। उदयनराजे भोसले ने आगे कहा कि राजभवन की 40 एकड़ की ज़मीन स्मारक बनाने के लिए एकदम सही जगह है। उन्होंने बताया कि समुद्र किनारे स्मारक बनाने से पर्यावरणीय समस्याएं आ सकती हैं, इसलिए राजभवन को दूसरी जगह स्थानांतरित करने से ये समस्याएं कम हो सकती हैं। भोसले ने कहा कि राजभवन को किसी और जगह शिफ्ट किया जा सकता है। यह ज़मीन एकदम सही है, क्योंकि यह समुद्र से तीन ओर घिरी हुई है। अगर बाल ठाकरे के लिए मेयर का बंगला स्मारक में बदल सकता है, तो छत्रपति शिवाजी महाराज के लिए क्यों नहीं?
1 लाख करोड़ रुपये के निवेश के लिए एमएमआरडीए के साथ किया एमओयू
विद्युत मंत्रालय के तहत महारत्न सीपीएसई और प्रमुख एनबीएफसी ने मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 1 लाख करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते पर औपचारिक रूप से आरईसी लिमिटेड के निदेशक (वित्त) हर्ष बावेजा और एमएमआरडीए के वित्तीय सलाहकार डॉ. अंकुश आर नवले ने मुंबई के जियो कन्वेंशन सेंटर में इंडिया ग्लोबल फोरम (आईजीएफ) मुंबई एनएक्सटी 25 कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फड़नवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए। यह समझौता ज्ञापन शहरी गतिशीलता, आवास और आवश्यक बुनियादी ढांचे पर ध्यान केंद्रित करते हुए एमएमआर में बुनियादी ढांचे की एक विस्तृत श्रृंखला को वित्तपोषित करने के लिए आरईसी लिमिटेड की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। अगले पांच वर्षों में वित्तपोषण वितरित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण और संवर्धन में निरंतर प्रगति सुनिश्चित होगी।
नागपुर में लूट के लिए महिला डॉक्टर की हत्या
महाराष्ट्र के नागपुर में एक महिला डॉक्टर की लूट के इरादे से हत्या कर दी गई। पुलिस को महिला का शव शनिवार की रात उनके घर पर पड़ा मिला। पुलिस को आशंका है कि लूटेरों ने हमला किया होगा। एक अधिकारी ने बताया कि पीड़िता डॉ. अर्चना सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के फिजियोथेरेपी विभाग में सहायक प्रोफेसर थीं। पति डॉ. अनिल राहुले रायपुर में काम करते हैं। घटना का पता तब चला जब पति कई दिनों बाद शनिवार की रात घर लौटे। मौत तीन दिन पहले हुई मानी जा रही है।
ठाणे में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी ने जेल में की आत्महत्या
महाराष्ट्र के बहुचर्चित कल्याण दुष्कर्म मामले के आरोपी विशाल गवली (35) ने रविवार तड़के नवी मुंबई की तलोजा जेल में आत्महत्या कर ली। उसका शव जेल के शौचालय में फंदे से लटकता पाया गया। गवली ठाणे जिले के कल्याण इलाके में 12 साल की लड़की से दुष्कर्म और उसकी हत्या के आरोप में पिछले साढ़े तीन महीने से तलोजा जेल में बंद था। फरवरी में ठाणे पुलिस ने उसके खिलाफ 948 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी।
नागपुर सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती में हुई धांधली, SIT जांच की मांग
नागपुर सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती में हुई धांधली, SIT जांच की मांग
महाराष्ट्र के पूर्व एमएलसी नागो गनार ने दावा किया है कि नागपुर के सरकारी स्कूलों में 580 शिक्षकों की भर्ती गैरकानूनी तरीके से हुई है। उन्होंने इसकी एसआईटी जांच की मांग की। गनार महाराष्ट्र राज्य शिक्षक परिषद के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने कहा कि 'रिपोर्ट्स के अनुसार, टीचर्स की आईडी की प्रमाणिकता जांची नहीं गई हैं। साथ ही दस्तावेज भी फर्जी लगाए गए हैं और सैलरी को लेकर किए गए दावे भी फर्जी हैं। इसकी जांच के लिए एसआईटी गठित की जानी चाहिए।'
मुंबई में पानी टैंकर ऑपरेटर्स ने खत्म की हड़ताल
आंबेडकर जयंती पर दीक्षाभूमि पहुंचे हजारों लोग
डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर सोमवार सुबह हजारों लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने और विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए नागपुर स्थित दीक्षाभूमि पहुंचे। संविधान निर्माता और समाज सुधारक आंबेडकर ने 1956 में दीक्षाभूमि पर बौद्ध धर्म अपनाया था, जिसके चलते यह उनके लाखों अनुयायियों के लिए पूजनीय स्थल बन गया है। डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर स्मारक समिति के ट्रस्टी विलास गजघाटे ने कहा कि उनके संगठन, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने लोगों की सुरक्षा और कार्यक्रम के उचित प्रबंधन के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। उन्होंने बताया कि परिसर में पंडाल लगाए गए हैं। सुबह 10 बजे दीक्षाभूमि पर रखी गई डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
एकनाथ शिंदे ने महायुति में दरार की अटकलें खारिज कीं
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंद ने रविवार को महायुति में दरार की अटकलों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ गठबंधन में सबकुछ ठीक है। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि यदि कोई समस्या है, तो उसे बातचीत के जरिये सुलझा लिया जाएगा। शिंदे ने कहा, 'महायुति में कोई कलह नहीं है। सब कुछ ठीक है। हम काम करते हैं और शिकायत नहीं करते। हम ही लड़ते हैं।' शिंदे का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब कुछ खबरों के माध्यम से कहा गया था कि उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख अजित पवार के बारे में शिकायत की है। इस बीच, अजित पवार ने पत्रकारों से कहा कि यदि एकनाथ शिंदे कुछ कहना चाहते हैं तो वह सीधे मुझसे या मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात करेंगे। हमारे बीच अच्छे संबंध हैं।