फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: महाराष्ट्र को तीन महीने में मिल जाएगी स्पेस टेक पॉलिसी; रिश्वत लेने पर चार कांस्टेबल निलंबित

Thu, 06 Mar 2025 12:29 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को कहा कि अगले तीन महीनों में महाराष्ट्र स्पेस टेक पॉलिसी तैयार करेगा। उन्होंने कहा कि आने वाला युग उन्नत तकनीकों का है। ठाणे में 'स्पेस-टेक फॉर गुड गवर्नेंस' सम्मेलन में बोलते हुए सीएम ने शासन में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की परिवर्तनकारी क्षमता पर जोर दिया।

विज्ञापन


उन्होंने अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के महत्व को पहचानने वाली और इसके विकास में निजी क्षेत्र को एकीकृत करने वाली नीतियों को तैयार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा, 'आने वाला युग इन उन्नत तकनीकों का है।' मुख्यमंत्री ने कहा, 'महाराष्ट्र जल्द ही अगले तीन महीनों के भीतर एक समर्पित अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी नीति तैयार करेगा। इस नीति का उद्देश्य अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के इर्द-गिर्द एक स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करना, इस क्षेत्र में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देना होगा।'

फेरीवालों से रिश्वत लेने पर चार कांस्टेबल निलंबित
धारावी पुलिस स्टेशन में तैनात चार पुलिसकर्मियों को फेरीवालों से रिश्वत लेने पर निलंबित कर दिया है। आरोप है कि चारों ने फेरीवालों से कार्रवाई न करने के बदले रिश्वत मांगी थी। रिश्वत लेते हुए उनका वीडियो कथित तौर पर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। मामले में कांस्टेबल महेंद्र पुजारी, काशीनाथ गजरे, गंगाधर खरात और अप्पासाहेब वाकचौरे को निलंबित कर दिया गया। 
विज्ञापन


छह मंजिला इमारत में लगी आग
ठाणे में गुरुवार तड़के एक छह मंजिला इमारत में आग लग गई। इसमें एक दुकान और तीन बाइक जलकर खाक हो गईं। अधिकारियों ने बताया कि सिद्धार्थ नगर में स्थित इमारत में सुबह 4.23 बजे  घटना हुई। इसमें किसी व्यक्ति के घायल होने की खबर नहीं है। आग इमारत के भूतल पर लगी और वहां स्थित एक दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने कहा कि आग तेजी से फैली और पास में खड़ी तीन मोटरसाइकिलें जलकर खाक हो गईं। सूचवर पर दमकल विभाग और क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने 30 मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया, जिससे इमारत की आवासीय मंजिलों को और नुकसान नहीं पहुंचा। 

सी-60 कमांडो की हत्या में शामिल दो नक्सली गिरफ्तार
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में बुधवार को दो कट्टर नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया, जिन पर सामूहिक रूप से आठ लाख रुपये का इनाम था। दोनों सी-60 कमांडो की हत्या में भी शामिल थे।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गढ़चिरौली पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने अरेवाड़ा के पास जंगली इलाके में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान केलू मड़कम उर्फ डोलवा (26) और रामा कोरचा उर्फ दुम्मी (32) को हिरासत में लिया।

गढ़चिरौली पुलिस अधीक्षक कार्यालय जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार,ये दोनों पिछले महीने जिले के दिरांगी-फुलनार में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ के दौरान विशिष्ट सी-60 इकाई के एक कमांडो की मौत के लिए जिम्मेदार थे। महाराष्ट्र सरकार ने डोलवा पर छह लाख और दुम्मी पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। डोलवा छत्तीसगढ़ का रहने वाला है, जबकि दुम्मी स्थानीय है।

बाबा से परेशान युवक ने की खुदकुशी
महाराष्ट्र के जालना जिले में एक स्वयंभू बाबा से परेशान 30 वर्षीय एक युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस निरीक्षक किरण बिदवे ने कहा कि भोकरदन तहसील के वलसा वडाला गांव में घटना के बाद 45 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि पीड़ित और उसकी 25 वर्षीय पत्नी पड़ोसी बुलढाणा जिले के धामनगांव में एक मंदिर गए थे। जहां वे आरोपी के संपर्क में आए। इसके बाद आरोपी ने दंपती को परेशान करना शुरू कर दिया, उन्हें बार-बार फोन किया और अनुचित मांग की। पुलिस ने कहा कि आरोपी ने दावा किया कि दंपती की बेटी वास्तव में उसकी है और उन्होंने मांग की कि वे उसे उसे सौंप दें। दंपती ने इनकार कर दिया, तो आरोपी ने पीड़ित को धमकी भरे नोट लिखने शुरू कर दिए और उसकी पत्नी को भी परेशान करने की कोशिश की।     पुलिस ने बताया कि आरोपी को मंगलवार को बुलढाणा के गुम्मी गांव से गिरफ्तार किया गया।

महाराष्ट्र के बीड में उल्कापिंड जैसी वस्तुएं गिरीं
महाराष्ट्र के बीड जिले के एक गांव में उल्कापिंड जैसी दो वस्तुओं के गिरने से लोग दहशत में हैं। एक अधिकारी ने बताया कि जांच के लिए नमूना एकत्र किया गया। मंगलवार को वडवानी तहसील के गांव में ये वस्तुएं मिलीं। उन्होंने कहा कि उल्कापिंड जैसा एक पत्थर किसान भीकाजी अंभोरे के घर की टिन की छत को भेदते हुए अंदर आ गिरा। दूसरी चट्टान जैसी वस्तु पास के खेत में गिरी। छत्रपति संभाजीनगर में एपीजे अब्दुल कलाम एस्ट्रोस्पेस एंड साइंस सेंटर के निदेशक डॉ श्रीनिवास औंधकर ने कहा, हम मौके पर जाकर वहां से नमूने लाए हैं। इनका वजन लगभग 280 ग्राम है। औंधकर ने कहा कि वे सामग्री का अध्ययन करेंगे और बीड जिला कलेक्टर को एक रिपोर्ट सौंपेंगे।

नशीले पदार्थों की तस्करी करने और वीजा उल्लंघन पर 1300 अफ्रीकी नागरिक निर्वासित
नवी मुंबई पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी करने और वीजा उल्लंघन करने पर दो साल में 1300 अफ्रीकी नागरिकों को निर्वासित किया है। इसके अलावा 100 अन्य विदेशियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आयुक्त मिलिंद भारंबे ने बताया कि  मुंबई और नवी मुंबई प्रमुख मादक पदार्थ वितरण केंद्र हैं। यहां चरस और हेरोइन जैसे नशीले पदार्थ अफगानिस्तान और पाकिस्तान से तस्करी कर लाए जाते हैं। जबकि कोकीन की आपूर्ति अफ्रीकी नागरिक करते हैं। सिंथेटिक ड्रग्स का उत्पादन बड़े पैमाने पर भारत में ही होता है। भारंबे ने कहा कि पिछले दो सालों में हमने करीब 100 अफ्रीकी नागरिकों को ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है और करीब 1,300 अफ्रीकी नागरिकों को निर्वासित किया गया है। निर्वासन से पहले उनका बायोमेट्रिक डाटा एकत्र किया गया है। ये लोग या तो सीधे तौर पर ड्रग सप्लाई में शामिल थे या फिर उनका नारकोटिक्स वितरण से कोई न कोई संबंध था।
 

पति के आत्महत्या करने के बाद पत्नी ने लगाई फांसी
ठाणे में 42 वर्षीय एक महिला ने बुधवार तड़के आत्महत्या कर ली। करीब दो महीने पहले उसके पति ने भी फांसी लगा ली थी। पुलिस ने बताया कि कोपरी के सिद्धार्थ नगर की रहने वाली महिला ने  फांसी लगा ली। महिला के पति ने करीब दो महीने पहले अपने घर पर आत्महत्या कर ली थी। कोपरी पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि तब से वह डिप्रेशन में थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
विज्ञापन

तीन किशोरों ने की एसआरए सुपरवाइजर की हत्या
मुंबई में एक झुग्गी पुनर्वास प्राधिकरण (एसआरए) परियोजना के सुपरवाइजर की गुरुवार को तीन किशोरों ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों में से एक पर्यवेक्षक के खिलाफ रंजिश रखता था क्योंकि उसने किशोर के चाचा को साइट पर नौकरी से निकाल दिया था। हत्या का एक आरोपी नाबालिग है। पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ लिया है।

वर्ली इलाके के कांबले नगर में एसआरए पुनर्विकास स्थल पर घटना हुई। पुलिस ने कहा कि पीड़ित, मोहम्मद शब्बीर अब्बास खान ने आरोपी व्यक्ति के चाचा को परियोजना स्थल से नौकरी से हटा दिया था और उन्हें वेतन भी नहीं दिया था, इसके कारण आरोपी उनसे रंजिश रखता था। पुलिस ने बताया कि पीड़ित को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और नाबालिग को हिरासत में ले लिया। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें