पुणे जिले में शुक्रवार शाम को इंद्रायणी नदी में तीन लोग डूब गए। पुलिस के अधिकारी ने बताया कि यह घटना पिंपरी चिंचवड के दिल्ली रोड इलाके में किन्हाई गांव के पास हुई। उन्होंने कहा कि चिखली के तीन निवासी नदी में उतरे और गहराई का गलत अनुमान लगाने के कारण डूब गए। बचाव संगठन वन्यजीव रक्षक मावल संस्था के स्वयंसेवकों ने कुछ घंटों बाद शव बरामद किए। मामले की जांच जारी है।
होली के बाद नदी में नहाने गए, पानी के तेज बहाव में बह गए चार किशोर
ठाणे जिले के बदलापुर इलाके में शुक्रवार दोपहर होली खेलने के बाद उल्हास नदी में नहाने गए चार किशोर पानी के तेज बहाव में बह गए, जिससे उनकी मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, ये किशोर 15-16 वर्ष की उम्र के थे और 10वीं कक्षा के छात्र थे। होली का जश्न मनाने के बाद वे नदी में गए। उस समय पानी का स्तर सामान्य था, लेकिन अचानक पानी का स्तर बढ़ने के कारण वे बह गए। पुलिस ने मृतकों की पहचान आर्यन मेदार (15 वर्षीय), ओम सिंह तोमर (15 वर्षीय), सिद्धार्थ सिंह (16 वर्षीय), और आर्यन सिंह (16 वर्षीय) के रूप में की है। ये सभी चमतौली के पोद्दार गृह कॉम्प्लेक्स के निवासी थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया, चारों शव बरामद कर लिए गए हैं और पोस्टमार्टम के लिए बदलापुर ग्रामीण अस्पताल भेजे गए हैं। इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। हादसे ने इलाके में शोक की लहर पैदा कर दी है और परिवार व स्थानीय लोग गहरे दुख में हैं।
ट्रक से टकराई मुंबई-अमरावती एक्सप्रेस ट्रेन
महाराष्ट्र के भुसावल डिवीजन में बोडवाड रेलवे स्टेशन पर एक हादसा हुआ। यहां मुंबई-अमरावती एक्सप्रेस ट्रेन एक ट्रक से टकरा गई। ट्रक चालक रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के बावजूद उसे पार करने की कोशिश कर रहा था। इस हादसे में ट्रक चालक या ट्रेन में सवार किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई। घटना के बाद रेलवे ने 8:50 बजे यातायात बहाल कर दिया और ट्रेन की आवाजाही सामान्य हो गई।
सेंट्रल रेलवे सीपीआरओ ने दी जानकारी
मामले में सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ डॉ. स्वप्निल नीला ने कहा कि आज सुबह भुसावल डिवीजन के बोदवड स्टेशन पर एक हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से अमरावती जा रही ट्रेन संख्या 12111 के साथ ट्रक टकरा गया। ट्रक ने बंद रेलवे क्रॉसिंग को पार किया था, जिससे यह घटना हुई। हालांकि, इस हादसे में किसी को कोई चोट नहीं आई। इस घटना की वजह से ट्रेन यातायात में रुकावट आई, लेकिन अब सब कुछ सामान्य हो गया है और ट्रेनें चल रही हैं। यह हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ था।
संतोष भोसले को उत्तर प्रदेश से बीड लाया गया
महाराष्ट्र के भाजपा विधायक सुरेश धास के करीबी सहयोगी सतीश भोसले उर्फ खोक्या को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार कर शुक्रवार सुबह बीड लाया गया। बीड पुलिस की टीम ने भोसले को छत्रपति संभाजीनगर हवाई अड्डे पर उत्तर प्रदेश से पकड़ा और फिर सड़क मार्ग से बीड लाया। अधिकारियों के अनुसार, भोसले को मेडिकल जांच के बाद शिरूर अदालत में पेश किया जाएगा।
भोसले के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित तीन आपराधिक मामलों में जांच की जा रही है। इसके अलावा, गुरुवार को उनके शिरूर स्थित घर को भी ध्वस्त कर दिया गया, जो वन विभाग की जमीन पर अवैध रूप से बनाया गया था। भोसले के खिलाफ वन अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।