ठाणे में दिव्यांग महिला यात्री का यौन उत्पीड़न करने पर ऑटो चालक गिरफ्तार
ठाणे जिले के डोंबिवली में एक ऑटोरिक्शा चालक द्वारा दिव्यांग महिला यात्री का यौन उत्पीड़न करने का मामला सामने आया है। फिलहाल इस आरोप में ऑटोरिक्शा चालक को गिरफ्तार किया गया है।
तिलकनगर पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि घटना 7 अप्रैल को हुई थी। जब 30 वर्षीय पीड़िता सोनारपाड़ा में अपने रिश्तेदार के घर जाने के लिए ऑटोरिक्शा में बैठी थी। कुछ दब जाकर आरोपी ऑटो चालक ने रास्ता बदलकर मुंब्रा में एक सुनसान जगह पर जाकर महिला का यौन उत्पीड़न किया। बाद में महिला द्वारा अपने परिजनों को सूचित करने के बाद, बुधवार को उसकी मां की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ निरीक्षक विजय कदम ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने और वाहन का विवरण प्राप्त करने के बाद फैजल खान को दिवा से गिरफ्तार किया गया। खान के वकील अनिरुद्ध कुलकर्णी ने कहा कि उनका मुवक्किल निर्दोष है। कदम ने बताया कि कल्याण जिला एवं सत्र न्यायालय ने खान को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
शिवसेना यूबीटी विधायक सुनील राउत के खिलाफ मामला दर्ज
शिवसेना यूबीटी के विधायक सुनील राउत और पूर्व कॉरपोरेटर रश्मि पाहुदकर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुंबई के विख्रोली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। यह मुकदमा विख्रोली इलाके में बिना पुलिस की मंजूरी के विरोध प्रदर्शन करने के लिए दर्ज किया गया है।
आदित्य ठाकरे बोले- तहव्वुर राणा को मिले फांसी
शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने 26/11 मुंबई हमले के आरोपी तहव्वुर राणा को फांसी दिए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि राणा को जल्द से जल्द फांसी पर लटकाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा राणा को वहीं फांसी दी जाए, जहां 26/11 हुआ था। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी दलों की राय एक जैसी है।
एक्स ने पत्रकार से मुंबई में राम नवमी जूलूस के वीडियो हटाने को कहा
मुंबई पुलिस के अनुरोध पर एक्स ने एक पत्रकार से राम नवमी जूलूस से संबंधित वीडियो हटाने को कहा है। हालांकि पत्रकार ने ऐसा करने से मना कर दिया। पत्रकार का कहना है कि वह केवल 'घृणा का दस्तावेजीकरण' कर रहे हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्वतंत्र पत्रकार कुणाल पुरोहित ने एक्स पर मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाहर राम नवमी जुलूस का वीडियो अपलोड किया था, जिसमें कुछ प्रतिभागियों को मुगल सम्राट औरंगजेब के खिलाफ नारे लगाते हुए अपशब्द कहते हुए सुना जा सकता था। पुलिस अधिकारी के अनुसार, पुरोहित ने अपनी पोस्ट में नारों को मुसलमानों के खिलाफ क्रूर हिंसा की धमकी देने वाले गीत करार दिया था।