पुणे में जीबीएस का और एक नया मामला
पुणे में मंगलवार को गुलियन-बैरे सिंड्रोम (जीबीएस) का एक नया मामला सामने आया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि इसके साथ ही जीबीएस के संदिग्ध मामलों की संख्या बढ़कर 111 हो गई है। इससे पीड़ित 13 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में इस संबंध में जानकारी दी गई। विज्ञप्ति के अनुसार, अब तक जीबीएस के 111 संदिग्ध मरीज पाए गए हैं। एक मरीज की मौत हो गई है। वहीं, 31 में जीबीएस की पुष्टि हुई है।
कलाकारों की समस्याओं का समाधान करेगी सरकार: मंत्री फुंडकर
महाराष्ट्र के मंत्री आकाश फुंडकर ने मंगलवार को छोटे कलाकारों के वेतन संबंधी समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि सरकार उनकी शिकायतों, जैसे कि वेतन में देरी और अन्य कठिनाइयों पर ध्यान देगी। उन्होंने यह आश्वासन अभिनेता मनोज जोशी और सिने एंड टीवी आर्टिस्ट एसोसिएशन (सिंटा) के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बैठक में दिया। जोशी ने बताया कि छोटे कलाकारों को अनियमित भुगतान के कारण काफी वित्तीय समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई छोटे कलाकारों को समय पर वेतन नहीं मिलने की वजह से कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा, उन्हें अक्सर 12 से 14 घंटे काम करना पड़ता है, जो उनकी क्षमता से ज्यादा होता है। प्रतिनिधिमंडल ने यात्रा भत्ते और अन्य लाभों की कमी पर भी चिंता जताई, क्योंकि कलाकारों को स्टूडियो तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। उन्होंने बताया कि इन कलाकारों की कमाई से लगभग 30 प्रतिशत कमीशन और कटौती होती है, जिससे उनकी वित्तीय स्थिति और खराब होती है। इस पर फुंडकर ने आश्वासन दिया कि सरकार इन मुद्दों को हल करने के लिए सकारात्मक कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी और जल्द से जल्द समाधान ढूंढने की कोशिश करेगी।