ठाणे पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि पिछले महीने एक एग्रीगेटर कैब चालक की हत्या के पीछे संपत्ति विवाद का मामला था। इस मामले में उसकी प्रेमिका और चार अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि, ठाणे जिले के भिवंडी इलाके के मौजे पोगांव में तानसा वैतरणा जल पाइपलाइन के पास 17 जनवरी को कैब चालक अकरम इकबालुद्दीन कुरैशी पर लोहे की छड़ों और पत्थरों से हमला किया गया था। उसका शव 18 जनवरी को पाइपलाइन के पास एक झाड़ी में मिला था। मामले में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दादासो एडके ने बताया कि भिवंडी तालुका पुलिस ने इसके बाद अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।
विज्ञापन
मामले की जांच के लिए दो पुलिस दल गठित किए गए। जांचकर्ताओं ने अपराध स्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें पीड़ित एक महिला के साथ आता हुआ दिखाई दे रहा था। अधिकारी ने बताया कि पीड़ित के मोबाइल फोन डेटा के तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस ने पिछले महीने उसकी प्रेमिका जस्सी तिवारी को हिरासत में लिया था। पूछताछ के दौरान उसने अपराध में अपनी संलिप्तता कबूल की और पुलिस को अन्य आरोपियों के नाम का खुलासा किया। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों में से एक मोहम्मद कैफ मोहम्मद रफीक कुरैशी का पीड़ित के साथ जमीन विवाद था। उस व्यक्ति और उसके साथियों ने पीड़ित को फंसाने के लिए लड़की का इस्तेमाल किया। अधिकारी ने बताया कि घटना के दिन लड़की ने पीड़ित को मुंबई में उसके घर से बहला-फुसलाकर भिवंडी ले गई, जहां उसे कार में पहले से तय स्थान पर ले जाया गया।
टोरेस घोटाले में वांछितों ने बुल्गारिया में शुरू की निवेश योजना
टोरेस निवेश घोटाले में वांछित आरोपियों ने अब बुल्गारिया में भी इसी तरह की निवेश योजनाएं शुरू की हैं। मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने मंगवालर को इस संबंध में जानकारी दी। ईओडब्ल्यू के अधिकारी ने बताया कि आरोपियों द्वारा बुल्गारिया में निवेश योजनाएं शुरू करने की सूचना मिली है। वह निवेश योजनाओं की जानकारी को सत्यापित करने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना सत्यापन के बाद, इसे आधिकारिक चैनल के माध्यम से बुल्गारिया में कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ साझा किया जाएगा।
विज्ञापन
मामले में छह लोगों को गिरफ्तार कर चुकी मुंबई पुलिस
बता दें कि टोरेस ज्वैलरी ब्रांड के मालिक प्लेटिनम हर्न प्राइवेट लिमिटेड पर पोंजी और मल्टी-लेवल मार्केटिंग (एमएलएम) योजनाओं के संयोजन के माध्यम से निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है। फर्म ने निवेश पर आकर्षक रिटर्न का वादा करके उन्हें ठगा। पुलिस ने इस मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि नौ अन्य वांछित हैं- उनमें से आठ यूक्रेन और एक तुर्की से है। घोटाले की जांच करते समय, यह पता चला कि आरोपियों ने 12783 निवेशकों को 130 करोड़ रुपये का चूना लगाया। ईओडब्ल्यू ने 35 करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की है, जिसमें नकदी भी शामिल है।
महाराष्ट्र में GBS संक्रमितों की संख्या 211 हुई
महाराष्ट्र में गुलियन-बैरे सिंड्रोम (जीबीएस) के मामलों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार तक जीबीएस के संदिग्ध और पुष्ट मामलों की संख्या 211 हो गई। इन मामलों में से 42 पुणे नगर निगम (पीएमसी), 94 पीएमसी क्षेत्र में नए जोड़े गए गांवों से, 32 पड़ोसी पिंपरी चिंचवाड़ नगर निगम (पीसीएमसी) से, 33 पुणे के ग्रामीण इलाकों से और 10 मामले अन्य जिलों से हैं। अधिकारियों ने बताया कि 211 मामलों में से 183 पुष्ट मामले हैं। राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी एक प्रेस वक्तव्य के अनुसार, अब तक कुल 139 मरीजों को छुट्टी दे दी गई है, जबकि 39 गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में हैं और 18 अन्य वेंटिलेटर पर हैं। जीबीएस के कारण कुल नौ मौतें हुई हैं। इनमें से चार की जीबीएस से मौत की पुष्टि हुई है, जबकि पांच अन्य के जीबीएस के कारण मरने का संदेह है।
छत्रपति संभाजी महाराज के बारे में विकिपीडिया पर आपत्तिजनक लेख, फडणवीस ने दिए जांच के निर्देश
छत्रपति शिवाजी महाराज के बेटे छत्रपति संभाजी महाराज के बारे में विकिपीडिया पर आपत्तिजनक लेख को लेकर माहौल गरमा गया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साइबर पुलिस को विकिपीडिया से संपर्क करने और आपत्तिजनक सामग्री हटाने का निर्देश दिया है। फडणवीस ने कहा, विकिपीडिया जैसे मुक्त स्रोतों से सूचनाएं प्राप्त कर प्रदर्शित करने वाले (ओपन सोर्स) प्लेटफॉर्म पर इतिहास के साथ छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मैंने महाराष्ट्र साइबर सेल के महानिरीक्षक को विकिपीडिया के अधिकारियों से संवाद करने और छत्रपति संभाजी महाराज के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री हटाने के लिए कहा है।
ठाणे: भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला किया, चार लोग हिरासत में
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में मंगलवार को यौन उत्पीड़न के आरोपी एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही पुलिस टीम पर हिंसक भीड़ ने हमला कर दिया, जिसके बाद करीब 50 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। वहीं पुलिस ने हमले के सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, इस दौरान आरोपियों ने पत्थर फेंके, जिससे एक अधिकारी घायल हो गया और पुलिस की गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस की एक टीम यौन हमले की पीड़िता की मां का बयान दर्ज करने के लिए अस्पताल गई थी। उस समय अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। हालांकि, जब तक अतिरिक्त पुलिस बल लाया गया, तब तक भीड़ तितर-बितर हो चुकी थी।
टेरर फंडिंग मामले में दाऊद के साथी परवेज वैद को नहीं मिली राहत, आरोपमुक्त वाली याचिका खारिज
टेरर फंडिंग मामले में जेल में बंद दाऊद इब्राहिम गैंग के सदस्य परवेज वैद को मुंबई की एक विशेष अदालत ने राहत देने से इन्कार कर दिया। परवेज ने विशेष अदालत में दाखिल अपनी याचिका में यूएपीए (गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम कानून) के तहत दर्ज मामलों में उसे आरोपमुक्त करने की अपील की थी।
मंगलवार को याचिका का निपटारा करते हुए जज बीडी शेल्के ने अपने फैसले में कहा, परवेज के खिलाफ अपराध में उसकी स्पष्ट संलिप्तता साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत हैं। लिहाजा आरोपमुक्त करने की मांग वाली उसकी याचिका को स्वीकार नहीं किया जा सकता है। अगस्त, 2022 में महाराष्ट्र एटीएस ने परवेज को गिरफ्तार किया था। एटीएस को सूचना मिली थी कि भगोड़ा गैंगस्टर दाऊद और उसका भाई अनीस देश में अपने सहयोगियों के माध्यम से आतंकवादी गतिविधियों के लिए अपराध से अर्जित धन भारत भेज रहे हैं। परवेज पर कथित तौर पर एक आतंकवादी संगठन का सदस्य होने के कारण यूएपीए और ड्रग विरोधी कानून एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, पिछले साल बॉम्बे हाईकोर्ट ने परवेज को जमानत दे दी थी। इसके बाद उसने विशेष अदालत में यूएपीए के तहत दर्ज मामलों में आरोपमुक्त करने की मांग को लेकर याचिका दाखिल की थी।
अबू सलेम की याचिका पर 10 मार्च को सुनवाई
साल 1993 के मुंबई बम धमाकों के मुख्य दोषियों में से एक गैंगस्टर अबू सलेम जेल से बाहर निकलने की जुगत में है। सलेम ने तलोजा जेल से छूट और समय से पहले रिहाई के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया है, जिस पर हाईकोर्ट की खंडपीठ 10 मार्च को सुनवाई करेगी। सलेम 1993 बम धमाका मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है।
छत्रपति शिवाजी महाराज का एक स्मारक बनाएगी सरकार: फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को घोषणा की कि राज्य सरकार आगरा में छत्रपति शिवाजी महाराज का एक स्मारक बनाएगी, जहां उन्हें मुगल सम्राट औरंगजेब द्वारा बंदी बनाकर रखा गया था। फडणवीस आगरा में मराठा सम्राट शिवाजी महाराज की 395वीं जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 'मीना बाजार' नामक स्थान पर स्मारक बनाने के लिए जमीन अधिग्रहण करेगी, जहां शिवाजी महाराज को बंदी बनाया गया था।
फडणवीस ने कहा कि वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस संबंध में बातचीत करेंगे और यह स्मारक ताजमहल से भी अधिक पर्यटकों को आकर्षित करेगा।
हेलीकॉप्टर से दर्शन कराने का झांसा देकर धोखाधड़ी, गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने प्रयागराज में कुंभ मेला के दौरान श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर से दर्शन कराने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार किए हैं। गिरोह ने एक फर्जी वेबसाइट बनाई थी, जिसमें कुंभ मेला में हेलीकॉप्टर से दर्शन कराने का वादा किया गया था। पुलिस को एक महिला की शिकायत पर कार्रवाई की, जिसने बताया कि उसने परिवार के साथ प्रयागराज जाने के लिए हेलीकॉप्टर राइड्स का ऑनलाइन विज्ञापन देखा था।