फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra Updates: नासिक के स्कूल में चौथी की छात्रा से दरिंदगी, बांद्रा टर्मिनस कोच डिपो में लगी आग

Sun, 09 Feb 2025 03:54 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

महाराष्ट्र के नासिक जिले में एक निजी स्कूल में चौथी कक्षा छात्रा से दुष्कर्म की सनसनीखेज खबर सामने आई है। इस सिलसिले में पुलिस ने आरोपी प्रधानाध्यापक और कक्षा अध्यापक (क्लास टीचर) को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना शुक्रवार को इगतपुरी तालुका के स्कूल में घटी। पुलिस ने अनुसार, क्लास टीचर गोरखनाथ मारुति जोशी छात्रा (13) को प्रधानाध्यापक तुकाराम गोविंद साबले (53) के कक्ष में ले गया। वहां दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर घर भेज दिया, जहां उसकी तबीयत बिगड़ गई। एक अधिकारी ने बताया कि जब परिजनों से पूछताछ की तो पीड़िता ने उन्हें आपबीती बता दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया और दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। उन्होंने बताया कि साबले और जोशी के खिलाफ बीएनएस और पोक्सो अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। इस बीच, गुस्साए ग्रामीणों ने स्कूल में प्रदर्शन किया और पीड़िता के लिए न्याय और वारदात में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

विज्ञापन

बांद्रा टर्मिनस कोच डिपो में लगी आग
पश्चिम रेलवे के बांद्रा टर्मिनस कोच डिपो पर एक भंडार कक्ष में शनिवार रात आग लग गई, जिसे तुरंत बुझा दिया गया। पश्चिम रेलवे के प्रवक्ता ने कहा कि आग के कारण किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। खार स्टेशन के पास स्थित कोच डिपो के भंडार कक्ष में रात करीब 10 बजकर 35 मिनट पर आग लगी। प्रवक्ता ने बताया कि मुंबई अग्निशमन कर्मियों ने दमकल के तीन वाहनों को मौके पर भेजा। डिपो के कर्मचारियों की मदद से दमकल कर्मियों ने आग पर तुरंत काबू पा लिया और इसे बुझा दिया।

मुंबई में पहले वेव्स शिखर सम्मेलन एक से 4 मई तक, भारत करेगा आयोजन की मेजबानी : वैष्णव
भारत एक से 4 मई तक मुंबई में पहले विश्व ऑडियो विजुअल एंटरटेनमेंट शिखर सम्मेलन (वेव्स) की मेजबानी करेगा। इसमें दुनियाभर से मीडिया सीईओ, मनोरंजन और रचनात्मक जगत से जुड़ी हस्तियां भाग लेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शिखर सम्मेलन के लिए सलाहकार बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता करने के एक दिन बाद सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से वेव्स की तारीखों की घोषणा की।

महाराष्ट्र में यूपी के 19 बंधुआ मजदूरों को छुड़ाया
महाराष्ट्र के धाराशिव जिले से पुलिस ने उत्तर प्रदेश के 19 बंधुआ मजदूरों को उनके 15 बच्चों के साथ मुक्त कराया है। आरोपी इनसे गन्ने खेतों में जबरन मजदूरी करवा रहे थे। पुलिस ने बताया कि श्रम विभाग की शिकायत पर शुक्रवार को यह कार्रवाई की गई।एक अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के 11 पुरुष और आठ महिलाएं तथा बच्चे यहां वाशी तहसील के कोठावाले पिंपलगांव गांव में 45 दिनों से बंधक बनाए गए थे। 

पालघर में 2.42 करोड़ की ड्रग के साथ तस्कर गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पालघर जिले में पुलिस ने 2.42 करोड़ की ड्रग्स के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी अमान मुराद अपने घर में ही ड्रग्स (मेफेड्रॉन) तैयार कर उसकी बिक्री करता था। 

शिंदे ने एमएसआरटीसी के कर्मचारियों से किया आग्रह
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र राज्य परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) के कर्मचारियों से यात्रियों की सेवा को ‘ईश्वर की सेवा’ मानकर काम करने का आग्रह किया। शिंदे ने ठाणे में एमएसआरटीसी के खोपट बस अड्डे पर चालकों और परिचालकों के लिए पुनर्निर्मित शौचालय का उद्घाटन करने के बाद यह टिप्पणी की।

शिंदे ने कहा, ‘एसटी (एमएसआरटीसी) कर्मचारियों को इस मानसिकता के साथ काम करना चाहिए कि यात्री की सेवा करना ईश्वर की सेवा करने जैसा है।’ उन्होंने राज्य संचालित ट्रांसपोर्टर से महाराष्ट्र के प्रत्येक डिपो में स्वच्छ, आरामदायक और वातानुकूलित शौचालय बनाने का निर्देश दिया। एमएसआरटीसी के तहत लगभग 14,000 बसों का संचालन होता है, जिसमें प्रतिदिन लगभग 55 लाख यात्री सफर करते हैं और इसमें लगभग 90,000 कर्मचारी हैं।
 
विज्ञापन

पीएम मोदी ने शिंदे को दी जन्मदिन की बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को महाराष्ट्र उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं और उन्हें जमीन से जुड़ा नेता बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका जीवन राज्य के विकास के लिए समर्पित रहा है। शिवसेना प्रमुख शिंदे रविवार को 61 वर्ष के हुए। पीएम मोदी ने एक्स पर कहा, एकनाथ शिंदे को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं। वह एक उर्जा से भरे जमीन से जुड़े नेता हैं, जिनका जीवन महाराष्ट्र के विकास और बाला साहेब ठाकरे और धर्मवीर आनंद दिघे के दृष्टिकोण को पूरा करने करने के लिए समर्पित रहा है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें