महाराष्ट्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आयी है, जहां आदिवासी बहुल पालघर जिले में कम से कम दो जिला परिषद और राज्य सरकार की तरफ से सहायता प्राप्त स्कूलों के छात्रों को दिए जाने वाले पौष्टिक नाश्ते में कथित तौर पर फफूंद और जीवित लार्वा पाए गए।
विज्ञापन
घटना की पुष्टि करते हुए, पालघर कलेक्टर गोविंद बोडके ने बताया कि नमूने एकत्र किए गए हैं। उन्होंने प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आपूर्तिकर्ता के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। मुख्य रूप से खानिवली में आनंद लक्ष्मण चंदावर विद्यालय और चिंचनी जिला परिषद स्कूल नंबर 3 में समस्याएं सामने आईं, जहां चिक्की (एक मीठा, पौष्टिक नाश्ता) दूषित पाया गया। अभिभावकों ने दावा किया कि नाश्ता फफूंद और जीवित लार्वा से ढका हुआ था।
पालघर कलेक्टर गोविंद बोडके ने कहा कि यह सच है कि पालघर जिले के कुछ स्कूलों के छात्रों को दिए गए भोजन में फंगस और लार्वा पाए गए थे। उन्होंने बताया, "जिला स्तर के शिक्षा अधिकारियों ने नमूने एकत्र किए हैं और उन्हें विस्तृत रिपोर्ट के लिए प्रयोगशालाओं में भेज दिया है। हमें प्रयोगशाला की तरफ से अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने तक प्रतीक्षा करने की आवश्यकता है। रिपोर्ट प्रस्तुत होने के बाद आपूर्तिकर्ता के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जाएगी।
विज्ञापन
ठाणे जिले में एक बहुमंजिला इमारत में स्थित प्राइवेट सहकारी बैंक में सोमवार को आग लग गई। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारण दो मंजिलों को तुरंत खाली कराया गया। आपदा प्रबंधन सेल को सुबह के 6.47 बजे आग लगने की जानकारी मिली। आग में 11 आउटडोर एयर कंडीशनिंग इकाइयां पूरी तरह से नष्ट हो गईं। घटना की जानकारी पाकर मुंब्रा फायर स्टेशन के कर्मी और इलाके में बिजली आपूर्ति करने वाली एक निजी कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे।एक घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
महिला से दुष्कर्म-धमकाने के आरोप में आरपीएफ जवान के खिलाफ केस दर्ज
ठाणे में 30 वर्षीय महिला से दुष्कर्म करने और धमकाने के आरोप में पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी ने महिला से 2022 में दोस्ती की थी। वह महिला को कल्याण में कई स्थानों पर ले जाता था और शादी का वादा कर उससे दुष्कर्म करता था। हालांकि, बाद में आरोपी ने पीड़िता से शादी करने से इनकार कर दिया। उसने महिला को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने शनिवार को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
नवी मुंबई में सीआईएसएफ कर्मियों पर मामला दर्ज
महाराष्ट्र के नवी मुंबई में एक रोडवेज घटना में एक डॉक्टर, उसके भाई और अन्य लोगों पर हमला करने के आरोप में 10 से 15 सीआईएसएफ कर्मियों पर मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। यह घटना 29 नवंबर की रात 10.15 बजे घटी। दरअसल कुछ बसें सीआईएसएफ कर्मियों को उनके आवास तक ले जा रही थीं।
नवी मुंबई में खारघर के सेक्टर 36 में एक तेज रफ्तार बस अचानक एक कार के सामने आ गई। कार में सवार डॉक्टर ने बस का पीछा किया और बस चालक को वाहन रोकने के लिए कहा। बस से पांच-छह सीआईएसएफ के कर्मी उतरे और डॉक्टर से भिड़ गए। कुछ सीआईएसएफ कर्मियों ने डॉक्टर के भाई और अन्य लोगों से मारपीट की और कार का शीशा तोड़ दिया। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि सीआईएसएफ कर्मी शराब के नशे में थे। भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत 10-15 सीआईएसएफ कर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
अमरावती में दो कारों में भीषण टक्कर, तीन की मौत
महाराष्ट्र के अमरावती जिले में दो कारों में आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने बताया कि अमरावती जिले में सोमवार को दो कारों की टक्कर में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना दोपहर में दरियापुर-अकोला मार्ग पर गोलेगांव गांव में हुई। उन्होंने बताया, एक कार में सवार चार लोगों में से तीन की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। दूसरी कार में सवार दो लोगों को भी चोटें आईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ठाणे में कोकीन के साथ दो नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मीरा रोड इलाके में कथित तौर पर 1.19 करोड़ रुपये की कीमत वाली उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन ले जाने के आरोप में दो नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 30 नवंबर को संदिग्ध रूप से घूम रहे दो विदेशी नागरिकों को रोका, इस दौरान उनकी तलाशी में 150 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 1.19 करोड़ रुपये है। अपराध शाखा के अधिकारी ने बताया कि दोनों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।